खातेगांव ब्रेकिंग: बरवाईखेड़ा टोल आंदोलन के बाद NHAI का सख्त आदेश, स्थानीय वाहनों को टोल में नहीं मिलेगी छूट
By Ashish Meena
अगस्त 19, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के बरवाईखेड़ा टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहनों से टोल वसूली के विरोध में हुए आंदोलन के अगले ही दिन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल संचालन एजेंसी को सख्त निर्देश जारी किए हैं। 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश में NHAI ने स्पष्ट किया है कि नियमों में निर्धारित छूट के अलावा किसी भी वाहन को केवल स्थानीय होने के आधार पर टोल में छूट नहीं दी जाएगी।
NHAI परियोजना निदेशक मनीष कुमार मीणा द्वारा जारी पत्र में टोल प्लाजा संचालक M/s Aviation Baba Aero Services Pvt. Ltd. को निर्देशित किया गया है कि National Highways Fee (Determination of Rates and Collection) Rules, 2008 तथा लागू Contract Agreement के अनुसार ही User Fee की वसूली की जाए।

आदेश में साफ कहा गया है कि किसी स्थानीय वाहन को नियम विरुद्ध टोल छूट देना, बिना User Fee भुगतान के वाहन को गुजरने देना अथवा User Fee Collection की प्रक्रिया को किसी अन्य माध्यम से bypass करना गंभीर अनियमितता और अनुबंधीय उल्लंघन माना जाएगा।
NHAI ने यह भी कहा है कि टोल प्लाजा की CCTV फुटेज, FASTag/transaction records और lane-wise transaction data के माध्यम से समय-समय पर जांच की जा सकती है। यदि किसी वाहन को नियमों के विरुद्ध छूट अथवा बिना User Fee के गुजरने देने की घटना सामने आती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की होगी और नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
इस आदेश की प्रतिलिपि क्षेत्रीय अधिकारी भोपाल, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी देवास, पुलिस अधीक्षक देवास और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खातेगांव सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
ऐसे में स्थानीय वाहन चालकों की टोल से राहत की मांग को लेकर हुए आंदोलन के बाद जारी यह आदेश सवाल खड़े कर रहा है कि स्थानीय लोगों की मांग पर कोई ठोस राहत मिली या नियमों की सख्ती ही बढ़ी? आंदोलनकारियों की ओर से आगे की रणनीति क्या होगी, इस पर भी निगाहें रहेंगी।
