खातेगांव पुलिस ने 71 किलो गांजे के साथ 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, जियागांव के पास कार की घेराबंदी की, 17 लाख रुपए का माल जब्त
By Admin@News
अगस्त 21, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास जिले की खातेगांव पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खातेगांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 71 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 17 लाख 10 हजार रुपए आंकी गई है।
खातेगांव थाना प्रभारी विजय सिंह लोधी के निर्देशन में पुलिस टीम को अवैध मादक पदार्थों की परिवहन की सटीक सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए ग्राम पंचायत जियागांव के पास एक संदिग्ध कार की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन चालकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
कार से बरामद हुआ 71 किलो गांजा
घेराबंदी कर पकड़ी गई कार की जब पुलिस ने सघन तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 71 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 10 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में उपयोग लाई जा रही लगभग 10 लाख रुपए कीमत की कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस प्रकार कुल 17 लाख 10 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
चार आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर पूछताछ जारी
मौके से पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि धाकड़ (35), सर्वेश मेहरा (25), रजक (36) और रामबाबू पटवा (60) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि इस अवैध तस्करी के नेटवर्क में जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सरगना तक भी पहुंचा जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
