टोल टैक्स के विरोध में एकजुट हुआ खातेगांव, 18 अगस्त को बारवई खेड़ा टोल प्लाजा पर होगा धरना-प्रदर्शन

By Ashish Meena
अगस्त 8, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव क्षेत्र के वाहन चालकों से बारवई खेड़ा स्थित टोल प्लाजा पर की जा रही टोल टैक्स वसूली को लेकर क्षेत्रवासियों में रोष लगातार बढ़ता जा रहा है। इस गंभीर मुद्दे पर स्थानीय नागरिकों में उपजे असंतोष को लेकर एक अहम सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक एकजुट हुए। व्यापक चर्चा के बाद बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी 18 अगस्त को बारवई खेड़ा टोल प्लाजा पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

क्षेत्रवासियों का मुख्य तर्क है कि बारवई खेड़ा टोल प्लाजा खातेगांव नगर से महज करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। लंबे समय तक स्थानीय वाहन चालकों को इस टोल से छूट या राहत मिलती रही है। लेकिन अब लोकल वाहनों से भी धड़ल्ले से टोल टैक्स वसूले जाने के कारण लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि जो लोग रोजमर्रा के कार्यों के सिलसिले में आसपास के गांवों और खातेगांव के बीच लगातार आवागमन करते हैं, उन पर इस तरह का अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना पूरी तरह अनुचित है।

18 अगस्त को होगा आर-पार का आंदोलन

सर्वदलीय बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, 18 अगस्त को क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में बारवई खेड़ा टोल प्लाजा पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। आंदोलनकारियों का साफ तौर पर कहना है कि उनका विरोध समग्र रूप से टोल व्यवस्था से नहीं है, बल्कि स्थानीय जनता से की जा रही जबरन टोल वसूली के खिलाफ है। क्षेत्रवासियों ने शासन, प्रशासन और संबंधित टोल प्रबंधन से पुरजोर मांग की है कि खातेगांव क्षेत्र के स्थानीय स्थानीय वाहन चालकों को तत्काल प्रभाव से टोल टैक्स से मुक्त किया जाए, ताकि आम जनता और किसानों पर पड़ रहे अतिरिक्त वित्तीय दबाव को कम किया जा सके।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।