मध्यप्रदेश में कोटे की 25% बारिश पूरी, 32 जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी गिरा
By Ashish Meena
जुलाई 10, 2026
मालवा जंक्शन, भोपाल।
मध्य प्रदेश में कोटे की 25 प्रतिशत यानी, 9.4 इंच बारिश हो गई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत 32 जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी गिरा। IMD (मौसम केंद्र) की मानें तो पूरे जुलाई पानी बरसेगा। इससे आंकड़ा और भी बढ़ जाएगा।
मौसम विभाग ने 4 दिन तक प्रदेश में कहीं तेज तो कहीं हलकी बारिश का अनुमान जताया है। पन्ना और सतना जिले में भारी बारिश का अलर्ट है। 24 घंटे के दौरान यहां 4 इंच या इससे ज्यादा पानी गिर सकता है।
इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी बारिश का अनुमान है।
मंडला में पौन इंच बारिश, ग्वालियर-जबलपुर समेत 11 जिलों में गिरा पानी
प्रदेश में गुरुवार को भी बारिश का दौर रहा। मंडला में पौन इंच पानी गिर गया। सिंगरौली में आधा इंच से अधिक और बालाघाट में आधा इंच बारिश हुई। बैतूल, ग्वालियर, नर्मदापुरम, जबलपुर, खजुराहो, सागर, सतना, सीधी में भी पानी गिरा।
प्रदेश में 10 प्रतिशत बारिश ज्यादा
प्रदेश में इस बार पूरे जून महीने आंधी-बारिश का दौर रहा। इसके बावजूद कोटे से 30 प्रतिशत पानी कम बरसा, लेकिन जुलाई के 9 दिन ने यह कोटा न सिर्फ पूरा कर दिया, बल्कि 10 प्रतिशत ज्यादा पानी बरसा दिया।
आंकड़ों की बात करें तो प्रदेश में अब तक कुल 234.4 मिमी यानी, 9.4 इंच पानी गिर चुका है। यह सामान्य बारिश 212.3 मिमी (8.3 इंच) से 10 प्रतिशत ज्यादा है। पूर्वी हिस्से में 9 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से 29 प्रतिशत पानी ज्यादा गिरा है।
