IRS अफसर की बेटी की हत्या मामले में बड़ा एक्शन, राहुल मीणा के बाद अब पिता-दोस्त समेत 6 लोग गिरफ्तार

By Ashish Meena
अप्रैल 23, 2026

दिल्ली में आईआरएस अफसर की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार रात को अलवर जिले के राजगढ़ के राहुल मीणा को एक होटल से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस लगातार राहुल से पूछताछ कर रही है. इस घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस की 5 टीम अलवर पहुंच गईं थीं. अलवर पुलिस के साथ मिलकर टीम ने राहुल के पिता सहित 6 लोगों को हिरासत में लिया, जिनका धारा-151 में चालान किया गया. वो सभी थाने में बंद हैं.

इन लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को अहम जानकारी मिली. जिसके आधार पर पुलिस ने राहुल को दिल्ली के एक होटल से गिरफ्तार किया. दूसरी तरफ अलवर में हुए विवाहिता के साथ दुष्कर्म के मामले में पीड़िता की मेडिकल जांच हो चुकी है. गुरुवार को उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा और वहां उसके बयान दर्ज होंगे.

दिल्ली की अमर कॉलोनी इलाके में आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा को द्वारका इलाके के एक होटल से गिरफ्तार किया है. राहुल अलवर जिले के राजगढ़ स्थित एक गांव का रहने वाला है. दिल्ली में घटना को अंजाम देने से पहले मंगलवार रात को उसने पड़ोस में रहने वाली एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था. उसके बाद राहुल दिल्ली चला आया और यहां उसने दक्षिण पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी में आईआरएस की बेटी की बेरहमी से मोबाइल चार्जर के केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी. इस मामले में पीड़िता के साथ दुष्कर्म का मामला भी सामने आया है.

IRS के ऑफिस में राहुल के पिता करते थे नौकरी

राहुल के दोस्तों ने बताया कि आईआरएस अधिकारी के ऑफिस में उसके पिता नौकरी करते थे. पिता के कहने पर अधिकारी ने राहुल को अपने घर में नौकरी दी थी. लेकिन वो पैसों की गड़बड़ी करता था. साथ ही आए दिन आसपास की दुकानों व लोगों से उसकी शिकायतें मिल रही थीं. जिसके बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया. डेढ़ महीने से वो अपने गांव में रह रहा था. गांव में वो दिनभर दोस्तों के साथ मिलकर ऑनलाइन लूडो खेलता था और उसमें पैसे लगाता था.

राहुल के पिता, दोस्त सहित 6 लोग गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने अलवर पुलिस कि मदद से मामले में राहुल के पिता, दोस्तों सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. ये सभी लोग राजगढ़ थाने में बंद हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहुल ने पड़ोस में रहने वाली जिस महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था उसकी मेडिकल जांच हो चुकी है. आज उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा और वहां उसके न्यायालय में बयान दर्ज होंगे. अलवर पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है. दिल्ली पुलिस की जांच पूरी होने के बाद राहुल को पैरोल पर लेकर पूछताछ के लिए अलवर लाया जाएगा और अलवर में हुए दुष्कर्म के मामले में भी उससे पूछताछ होगी.

पिता के भरोसे पर मिली थी नौकरी

राहुल के दोस्तों ने बताया कि जिस अधिकारी की बेटी को राहुल ने हत्या कि उसी अधिकारी के ऑफिस में उसके पिता नौकरी करते थे. वहां ऑफिस में अधिकारी उसके पिता को अच्छे से जानते थे. इसलिए पिता के कहने पर अधिकारी ने राहुल को अपने घर पर नौकरी दी थी.

बदला लेने के लिए पहुंचा था राहुल

राहुल के साथ रहने वाले दोस्तों ने बताया कि आईआरएस अधिकारी ने उसे नौकरी से निकाला था. इस बात को लेकर उसके मन में गुस्सा था और इस गुस्से को निकालना और बदला लेने के लिए वो उसके घर गया था. दोस्तों ने कहा कि नौकरी से जब उसे निकाला गया तो इसमें उसकी बेइज्जती हुई. पहले वो दौसा में पढ़ाई करता था. उसके बाद जयपुर में उसने तैयारी की. इसी दौरान उसको दिल्ली में नौकरी मिल गई. इसलिए वो दिल्ली जाने लगा था.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»