सीहोर जिले के आष्टा में बड़ा हादसा, खदान में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम
By Ashish Meena
जुलाई 4, 2026
मालवा जंक्शन, आष्टा।
सीहोर जिले के आष्टा क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम बापचा से नहाने के लिए ग्राम बागेर स्थित मुरम खदान पहुंचे दो 12 वर्षीय बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतक बच्चों के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान समर पुत्र जितेंद्र 12 वर्ष निवासी बापचा दोनिया तथा समर पिता संतोष लगभग 12 वर्ष निवासी बापचा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे मुरम खदान में बने पानी से भरे गड्ढे में नहा रहे थे। इसी दौरान वे गहराई में चले गए और डूब गए।
ग्रामीणों ने निकाला बाहर
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुछ देर की मशक्कत के बाद बच्चों को खदान में भरे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चेक करने के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। आष्टा सिविल अस्पताल के बीएमओ डॉ अमित माथुर का कहना है कि डूबने से दोनों बच्चों की मौत हुई। दोनों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
प्रशासन की अभिभावकों से अपील
बारिश के मौसम में मुरम खदानों, नदी, तालाब और अन्य जलभराव वाले स्थानों पर पानी की गहराई का सही अनुमान लगाना कठिन होता है। ऐसे में अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को बिना निगरानी के इन स्थानों पर नहाने या तैरने के लिए जाने से रोकें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
