नाबालिग लड़की को कलमा पढ़ाया, गोमांस खिलाने का भी आरोप
By Ashish Meena
जून 29, 2026
मालवा जंक्शन, कानपुर।
उत्तर प्रदेश के कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र की एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को दोस्ती के जाल में फंसाकर न सिर्फ उसका अपहरण किया गया, बल्कि उसे बंधक बनाकर जबरन धर्मांतरण की कोशिश की गई और उसके साथ क्रूरता की हदें पार की गईं। यहाँ अरमान नाम के एक युवक ने पहले तो नाबालिग किशोरी से दोस्ती की और फिर अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसे अगवा कर लिया। आरोपी किशोरी को बेकनगंज स्थित अपने घर ले गए, जहां उसे 6 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। इन 6 दिनों में किशोरी ने कई तरह की यातनाएं झेलीं।
किशोरी का आरोप है कि बंधक बनाने के बाद उस पर धर्मपरिवर्तन का दबाव बनाया गया। उसे जबरन बुर्का पहनाया गया, कलमा पढ़वाया गया और गौ मांस खाने के लिए मजबूर किया गया। हद तो तब हो गई जब आरोपी के घर की महिलाओं ने भी नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट की। जब पीड़िता ने उनकी बातों को मानने से इनकार किया, तो आरोपियों ने क्रूरता की हदें पार कर दीं। किशोरी को गर्म चिमटे से दागा गया। डरा-धमकाकर कई कोरे और कानूनी कागजों पर उससे दस्तखत कराए गए। आरोपियों ने उसे खाड़ी देश यानी सऊदी अरब में कथित रूप से बेचने की साजिश भी रची थी।
6 दिनों तक मौत के साए में जीने के बाद, किसी तरह किशोरी आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची। बदहवास हालत में उसने परिजनों को रोते हुए आपबीती सुनाई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए परिजन तुरंत रावतपुर थाने पहुंचे और लिखित तहरीर दी। मामला दो समुदायों और नाबालिग से जुड़ा होने के कारण कानपुर पुलिस तुरंत फुल एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अरमान समेत चार लोगों को धर दबोचा है।
