PhD छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- प्रेमी ने दुष्कर्म किया, फिर वीडियो बनाकर…

By Ashish Meena
मई 16, 2026

मध्यप्रदेश के दतिया जिले में 26 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह ग्वालियर में रहकर पीएचडी कर रही थी। उसने एक पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें प्रेमी और उसकी दो बहनों को मौत का जिम्मेदार बताया है। युवती ने ब्लैकमेलिंग, धमकी और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

घटना गोराघाट थाना क्षेत्र की है। परिजन के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे युवती घर में अपने कमरे से ऊपर छोटे भाई के कमरे में गई और दुपट्टे से फांसी लगा ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजन कमरे में पहुंचे तो वह फंदे पर लटकी मिली। शनिवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप

परिजन के अनुसार, ग्वालियर में युवती की पहचान पचोखरा निवासी योगेश रावत से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। आरोप है कि 13 मार्च को योगेश युवती को ग्वालियर के फूलबाग चौराहे से एक होटल ले गया। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और दुष्कर्म किया। साथ ही अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए।

परिजन का कहना है कि बाद में युवती के गर्भवती होने पर उसने शादी का दबाव बनाया, लेकिन आरोपी मुकर गया और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।

यह लिखा सुसाइड नोट में

“मैं मरने जा रही हूं। कारण है मेरा दोस्त योगेश और उसकी दो बहनें। योगेश ने मुझे ब्लैकमेल किया कि वह मर जाएगा या मार देगा। धमकी दी कि मेरे फोटो और वीडियो वायरल कर देगा। मैं थाने गई, वहां भी कार्रवाई चल रही है।

इसके बावजूद उसकी बहन पूनम और प्रियंका ने मेरे घर आकर हंगामा किया। मेरी दीदी के ससुराल जाकर वहां धमकी दी। इसके बाद ग्वालियर आकर मुझे जान से मारने की धमकी दी। गाली-गलौज की।

गली में चिल्ला-चिल्ला कर मुझे बदनाम किया। इन सब से मुझे तो दिक्कत हो ही रही है, मेरे घर वाले भी परेशान हैं। इसकी पूरी जानकारी योगेश को है। पुलिस से निवेदन है कि योगेश, पूनम और प्रियंका को सजा दी जाए, जिससे आगे कभी ये किसी की जिन्दगी ऐसे नर्क न बनाएं कि इंसान को इतना मजबूर होना पड़े।”

मौत के दो दिन पहले एसपी ऑफिस में दिया था आवेदन

युवती ने 14 मई को ग्वालियर एसपी ऑफिस में शिकायती आवेदन दिया था। उसने बताया था कि दतिया की रहने वाली सहेली पिंकी के भाई योगेश से उसकी दोस्ती थी। खाने-पीने का झांसा देकर योगेश 13 मार्च को मुझे फूलबाग चौराहे के एक होटल ले गया। वहां रूम नं. 107 में कोल्ड ड्रिंक और पेस्टी का नाश्ता लेकर आया।

कोल्ड ड्रिंक पीने और नाश्ता करने के बाद मुझे चक्कर से आने लगे और मैं बेहोश हो गई। जब मुझे होश आया तो देखा कि मेरे सारे कपड़े उतरे हुए हैं। योगेश पास ही बिना कपड़ों के लेटा हुआ था। मैं चिल्लाई तो उसने मेरा मुह बंद कर दिया। कहा- मैं जब तुमसे शादी कर ही रहा हूं तो विरोध क्यों कर रही हो।

मैंने तुम्हारे साथ संबंध बनाने की वीडियो बनाया है और फोटो खींच लिए हैं। विरोध करने पर बोला- ज्यादा करोगी तो मैं फोटो एवं वीडियो वायरल कर बदनाम कर दूंगा। मैं डर गई। इसके बाद 15 मार्च को फिर उसी होटल के उसी रूम में संबंध बनाए।

18 अप्रैल को पेट में दर्द होने पर अस्पताल गई, जहां डॉक्टर ने जांच की और प्रेग्नेंट होने की बात बताई। कुछ दिक्कत होने के कारण मुझे ऑपरेशन कराना पड़ा। जब मैंने यह बात योगेश को बताई तो वह मुझसे कटने लगा। खुद को व्यस्त बताते हुए दूरी बनाने लगा।

शादी का कहा तो पहले टालमटोल किया फिर बोला- तुझसे शादी नहीं कर सकता। इतना ही नहीं धमकाया कि दबाव बनाया या शिकायत की तो संबंध वाले वीडियो-फोटो वायरल कर दूंगा। कहीं दूसरी जगह तुम्हारी शादी नहीं होने दूंगा।

इस घटना के बाद मैं शारीरिक और मानसिक रूप से बहुत परेशान हूं। योगेश ने शादी का वादा कर जबरन संबंध बनाए, फिर अपनी बात से मुकर गया। उसके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाए।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन और परिजनों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»