पिकअप और ट्रॉली की टक्कर, 8 लोगों की मौत, 15 से अधिक घायल
By Ashish Meena
जून 6, 2026
पंजाब के फिरोजपुर में फाजिल्का रोड पर शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जंगा वाले मोड़ के निकट एक पिकअप गाड़ी और घोड़ा ट्राला के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप गाड़ी में सवार लोग किसी परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान जब वाहन जंगा वाले मोड़ के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे घोड़ा ट्राला के साथ उसकी जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे कई लोग अंदर ही फंस गए।
3.30 बजे रवाना हुआ था परिवार
पिकअप में मौजूद अंशप्रीत ने बताया कि सुबह 3:30 बजे वह घर से अस्थियां लेकर करीब 30 लोग रवाना हुए थे। रास्ते में गाड़ी में पेट्रोल डलवाने के बाद वह जैसे ही जनगांव वाला मोड़ के पास पहुंचे तो सड़क के बीच में खड़े ट्राले से अचानक उनकी पिक अप गाड़ी की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्ती की उनकी गाड़ी पलट गई पिकअप के ऊपर छत भी डाल रखी थी जिसमें कुछ पारिवारिक सदस्य हैं बैठे हुए थे।
आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया
आसपास मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद एंबुलेंस और अन्य साधनों की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। सूत्रों के अनुसार कुछ लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। अस्पताल में घायलों के पहुंचते ही चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया।
कई मरीजों की हालत गंभीर
सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि कई मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल करवाई। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
