Weather Update : उत्तर भारत में पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी राज्यों में बारिश हो रही है। इससे लोग भयंकर ठंड की चपेट में है। इस बार लोगों को सूखी ठंड ज्यादा कंपा रही है, क्योंकि पहले शीतलहर का प्रकोप रहा और अब बारिश के कारण ठंड बढ़ी है।
घने कोहरे से गलन वाली ठंड अभी नहीं आई है। सोमवार को पश्चिम विक्षोभ के असर से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में बारिश हुई।
हिमाचल प्रदेश में शिमला और आसपास के इलाकों में भी हल्की बर्फबारी की वजह से राज्य में 30 सड़कें बंद हो गईं हैं। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में पूरे हफ्ते गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही 24 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा जैसे राज्यों में भी बारिश होने की उम्मीद है।
Also Read – बड़ी खबर: मध्यप्रदेश के 21 जिलों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 27 दिसंबर को एक्टिव होगा स्ट्रॉन्ग सिस्टम
शिमला में सीजन की दूसरी बर्फबारी से सड़कों पर 3 इंच की बर्फ जम गई। उत्तराखंड में बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब, कुमाऊं में मुनस्यारी में बर्फबारी हुई।
जम्मू कश्मीर में शीतलहर से ठंड का प्रकोप बढ़ा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 7 दिन 31 दिसंबर तक बारिश-बर्फबारी होते रहने से और भयंकर ठंड पड़ने की भविष्यवाणी की है। आइए जानते हैं कि दिल्ली-NCR समेत पूरे देश में मौसम कैसा है और 31 दिसंबर तक कैसा रहेगा?
इन राज्यों में बरसेंगे बादल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना लो प्रेशर वाला एरिया पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ गया और दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से लेकर दक्षिण आंध्र प्रदेश-उत्तरी तमिलनाडु तटों पर फैल गया।
आज 24 दिसंबर को इसके पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ने और दक्षिण-पश्चिम खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है। इसके असर से आज से 26 दिसंबर तक तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय ओडिशा, पुडुचेरी में बिजली चमकेगी और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं।
Also Read – ब्रेकिंग: PM मोदी 25 दिसंबर को MP को देंगे बड़ी सौगात, इन 10 जिलों के किसानों की बदलेगी किस्मत
उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के निचले और मध्य भागों में एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है। इससे क्षोभमंडलीय स्तर पर उत्तर पश्चिमी राजस्थान में लो प्रेशर वाला एरिया बन रहा है। इसके असर से आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश होगी।
26 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर सकता है। इससे देश के मध्य भागों में निचले स्तर की पूर्वी हवाएं चलने की बहुत संभावना है। 28 दिसंबर तक अरब सागर के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं उठेंगी।
इसके असर से 27 से 29 दिसंबर के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में छिटपुट बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 27 और 28 दिसंबर को मैदानी इलाकों में गरज चमक के साथ छिटपुट से लेकर भारी बारिश होने की भी संभावना है 27 दिसंबर को उत्तर पश्चिम भारत और निकटवर्ती मध्य भारत में बारिश होगी।
26 से 28 दिसंबर तक महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। 27 दिसंबर को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भारी बारिश होगी।
इन राज्यों में शीतलहर और कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 26 दिसंबर तक हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में शीतलहर चल सकती है। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, राजस्थान के कुछ इलाकों में 30 दिसंबर तक घना कोहरा छा सकता है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वोत्तर भारत में ग्राउंड फ्रॉस्ट के हालात रहेंगे।