हवाओं ने रोका मानसून, तेलंगाना में 6 दिन से अटका, अगले हफ्ते मप्र-यूपी पहुंचने की उम्मीद

By Ashish Meena
जून 16, 2026

मानसून तेलंगाना के भद्राचलम में 6 दिन से अटका हुआ है। इस वजह से छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में बारिश में देरी हो गई है। यहां कई हिस्सों में गर्मी लौट आई है। वर्ल्ड मेट्रोलॉजी ऑर्गनाइजेशन की हाइड्रोमेट्री टीम के मेंबर डॉ. पंकज कुमार के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 3 से 4 दिन, तो मध्य प्रदेश-यूपी में मानसून की एंट्री हफ्तेभर बाद हो सकती है।

उनका यह भी कहना है कि इस हफ्ते के अंत तक बारिश में सुधार संभव है। मानसून के कमजोर होने की वजह समुद्र में नमी की कमी नहीं, बल्कि करीब 15 किमी. ऊपर बह रही हवाओं का असामान्य पैटर्न है। इन हवाओं को जेट स्ट्रीम कहते हैं। ये इस बार सामान्य से ज्यादा दक्षिण की ओर खिसक गई है, जिससे मानसून की गति प्रभावित हो रही है।

अरब सागर में भी 8 जून से फंसा मानसून

इधर, अरब सागर से उठ रही मानसूनी हवाएं भी 8 जून से अटकी हुई हैं। इस वजह से देश के अंदर पहुंच चुकीं मानसूनी हवाओं को पुश नहीं मिल पा रहा है। यानी, मानसूनी हवाओं को तेलंगाना से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की तरफ धकेलने के लिए जरूरी प्रेशर नहीं बन रहा है।

सैटेलाइट इमेज में गायब दिखे मानसूनी बादल

15 जून की सैटेलाइट तस्वीरों में देश के बड़े हिस्से से मानसूनी बादल गायब दिखाई दिए। एक दिन पहले, यानी 14 जून को भारत का बड़ा हिस्सा बादलों से ढका दिखाई दिया था। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 जून से 15 जून के बीच देश में सामान्य 53.7 मिमी के मुकाबले सिर्फ 19.2 मिमी बारिश हुई। यानी बारिश में 64% की कमी दर्ज की गई है।

बारिश नहीं, 7 राज्यों में पारा 40°C पार

राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में सोमवार को तापमान 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा 43.4°C उत्तर प्रदेश के बांदा में दर्ज किया गया।

वहीं एमपी के खजुराहो 42.6°C, छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 42°C, ओडिशा के बौध में 42.5°C, महाराष्ट्र के वर्धा में 41.5°C, बिहार के शेखपुरा में 41.5°C, राजस्थान के फलोदी में 42.8°C दर्ज किया गया।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।