MP News : मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री और इछावर के विधायक करण सिंह वर्मा ने स्वास्थ्य कारणों के चलते अगला विधानसभा चुनाव न लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने यह ऐलान इछावर में मुक्तिधाम के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरा किया।
मंत्री वर्मा ने बताया कि घुटनों में लंबे समय से दर्द की समस्या है, जिस कारण डॉक्टरों ने उन्हें सर्जरी कराने की सलाह दी है। हालांकि, मजाकिया अंदाज में उन्होंने यह भी कहा कि “अभी मेरी उम्र ही क्या है, मंत्री बने अभी सिर्फ एक साल चार महीने हुए हैं, अभी कार्यकाल पूरा करना है।”
इछावर को सुंदर बनाने का वादा
कार्यक्रम में मंत्री वर्मा ने किसानों की समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सोयाबीन के कम दाम और नामांतरण से जुड़ी परेशानियों को दूर करने के लिए दिल्ली में तहसील साइबर लॉन्च किया गया है।
Also Read – सोने-चांदी ने तोड़े रिकॉर्ड, कीमतों में हुई भारी वृद्धि, जानिए आज के ताजा रेट
मंत्री वर्मा ने इछावर को सुंदर बनाने और अंतिम सांस तक जनता की सेवा करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य इछावर का विकास करना है और वे अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटेंगे।
इस भूमि पूजन कार्यक्रम में सीहोर जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, भाजपा नेता सन्नी महाजन, जिला उपाध्यक्ष कैलाश सुराना और इछावर नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा सहित कई अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
राजनीतिक जीवन में बदलाव
करण सिंह वर्मा का राजनीतिक जीवन काफी लंबा और सफल रहा है। उन्होंने 1985 से लेकर 2023 तक लगातार आठ बार विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की है। केवल एक बार, 2008 में, उन्होंने इछावर सीट पर हार का सामना किया था।
इसके अलावा, 2018 और 2023 में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीते थे। वर्मा ने अपने स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए कहा कि उनकी उम्र और घुटने की समस्या उन्हें आगे विधानसभा चुनाव लड़ने में असमर्थ बना सकती है।