उज्जैन में महामंडलेश्वर ज्योति गिरि के आश्रम पर चला बुलडोजर, सिंहस्थ भूमि पर तान दी थी तीन मंजिला इमारत
By Ashish Meena
अक्टूबर 16, 2026
उज्जैन में सिंहस्थ भूमि पर अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने शुक्रवार सुबह कार्रवाई की। जूना अखाड़े से जुड़े हरियाणा सेवा आश्रम के महामंडलेश्वर ज्योति गिरि जी महाराज के आश्रम में बने जी प्लस-3 भवन को तोड़ दिया गया।
नगर निगम की टीम सुबह करीब 5 बजे चार पोकलेन मशीनों और एक जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक दो बार नोटिस देने के बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
होटलनुमा बनाया गया था भवन
नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया कि आश्रम में चार मंजिला होटलनुमा भवन का निर्माण किया गया था। निगम की ओर से दो बार नोटिस दिए जाने के बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद शुक्रवार सुबह टीम ने मशीनों की मदद से भवन को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद कार्रवाई
सिंहस्थ भूमि पर अवैध निर्माण को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने नगर निगम को अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम की टीम पहले भी दो आश्रमों पर कार्रवाई कर चुकी है।
