देवास में सनसनीखेज मर्डर, 19 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, 6 आरोपियों पर केस दर्ज
By Ashish Meena
अप्रैल 17, 2026
देवास के भवानी सागर क्षेत्र में देर रात खूनी संघर्ष की एक बड़ी वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते 19 वर्षीय युवक शुभम उर्फ लड्डू की पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उसका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल है, जिसे इंदौर रेफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
ऐसे मौत के मुंह में चला गया ‘लड्डू’
मृतक शुभम (19) देवास टेकरी पर नारियल-प्रसाद की दुकान चलाता था। गुरुवार रात करीब 1 बजे जब वह घर पर खाना खा रहा था, तभी उसके दोस्त गौतम का फोन आया। गौतम ने बताया कि कुछ लोग उसे रोककर विवाद कर रहे हैं। दोस्ती निभाने पहुंचे शुभम को अंदाजा नहीं था कि वहां मौत उसका इंतजार कर रही है। बीच-बचाव के दौरान आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी और एक गोली सीधे शुभम के सीने में जा लगी।
वसूली और रंजिश की कहानी
परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी वरुण बाली और उसके साथी शुभम से अवैध वसूली की मांग करते थे। विवाद इतना गहरा था कि आरोपी पहले शुभम की बाइक भी जला चुके थे। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और दोनों ही पक्षों पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुख्य आरोपी वरुण बाली भी घाय
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन शुक्रवार सुबह मुख्य आरोपी वरुण बाली घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती हुआ है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। नाहर दरवाजा थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि वरुण बाली, रितिक, तुषार, मट्टू, राहुल शूटर और विपिन बाली के खिलाफ हत्या (302) और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। टीमें आरोपियों की तलाश में इंदौर और अन्य ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
अस्पताल में दी धमकी
शुभम के भाई पीयूष ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद भी आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। अस्पताल में कुछ लोग पहुंचे और परिजनों को खुलेआम धमकी दी। खौफजदा परिजनों ने अब पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।
