उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में भगदड़ जैसे हालात, कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी, अब तक करीब 5.50 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके
By Ashish Meena
अगस्त 17, 2026
मालवा जंक्शन, उज्जैन।
सावन के तीसरे सोमवार और साल में एक बार नागपंचमी पर खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए उज्जैन में भारी भीड़ उमड़ी। इसी दौरान हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई।
इसके बाद करीब 13 लोगों को परिजन और सुरक्षाकर्मी अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल सभी का उज्जैन जिला अस्पताल में इलाज जारी है। अस्पताल में भर्ती श्रद्धालुओं की हालत पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है।
सावन के तीसरे सोमवार पर भगवान महाकाल और नागचंद्रेश्वर मंदिर के विशेष दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे हैं। इसके चलते मंदिर क्षेत्र और आसपास के मार्गों पर भारी भीड़ है। मंदिर में अब तक करीब 5.50 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
साल में एक दिन खुलता है नागचंद्रेश्वर मंदिर
भगवान नागचंद्रेश्वर का मंदिर महाकाल मंदिर के तीसरे तल पर स्थित है। नागपंचमी के अलावा पूरे वर्ष यहां श्रद्धालुओं के लिए पट बंद रहते हैं। इसी कारण नागपंचमी पर होने वाले दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। इस बार नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के एक ही दिन होने से भीड़ बढ़ गई।
ये लोग घायल हुए
सागर पिता मांशीष, निवासी किसनपुरा, उम्र 15 साल।
सजीव नोनू चौधरी, निवासी दरभंगा, बिहार, उम्र 36 साल।
खुशी पिता माधव राव, निवासी बड़ा गणेश, ग्वालियर, उम्र 20 साल।
हरीशचंद पिता अशोक, निवासी वासना, गुजरात, उम्र 26 साल।
तुलसी पिता जय प्रकाश, निवासी गुजरात, उम्र 15 साल।
जय पिता जय धवन, निवासी गुजरात, उम्र 12 साल।
लखन गोविन्द।
सोनम सिंह।
