आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, प्रदेशभर में 47 लोगों की मौत, फसलों को भारी नुकसान

By Ashish Meena
मई 13, 2026

उत्तर प्रदेश में बुधवार को आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों पर बने चक्रवाती परिसंचरण व दक्षिणी राजस्थान से आ रही पुरवा हवा से कई जिलों में 100 किमी प्रति घंटा से अधिक रफ्तार से आंधी चली। इस कारण अलग-अलग जिलों में पेड़, दीवार और बिजली गिरने से कुल 47 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। आंधी के कारण रेल और बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित रही। सबसे अधिक असर प्रयागराज मंडल में देखने को मिला।

प्रयागराज में 16, प्रतापगढ़ में चार और कौशांबी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रयागराज के हंडिया क्षेत्र में सबसे ज्यादा 10 लोगों ने जान गंवाई। तेज चक्रवाती आंधी के दौरान दो हजार से अधिक पेड़ उखड़ गए। रेल लाइनों पर पेड़ गिरने से कई ट्रेनें रास्ते में खड़ी रहीं। प्रयागराज-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस भी करीब सवा घंटा रुकी रही। कानपुर और आसपास के जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के दौरान 12 लोगों की मौत हुई। फतेहपुर में निर्माणाधीन भवन गिरने, पेड़ टूटने और हादसों में सात लोगों की जान चली गई।

Also Read – ब्रेकिंग: पूरे देश में दूध के दाम बढ़े, अचानक इतनी हुई बढ़ोतरी, कल से प्रभावी हो जाएंगी नई कीमतें

उन्नाव में पेड़ और बिजली का खंभा गिरने से एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कानपुर देहात में युवती और बालिका की जान चली गई, जबकि 33 बकरियां भी मर गईं। कानपुर-लखनऊ रेलमार्ग और उन्नाव-रायबरेली रेलमार्ग पर पेड़ गिरने से ट्रेनों का संचालन घंटों प्रभावित रहा।

कई जिलों में बिजली के खंभे और तार टूटने से हजारों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सरकार ने मृतकों के स्वजन को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। बरेली मंडल में भी आंधी जानलेवा साबित हुई। बरेली, बदायूं और आसपास के क्षेत्रों में पेड़ और दीवार गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई।

कई बच्चे और अन्य लोग घायल हुए। हाईवे और मुख्य सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। सीतापुर, लखीमपुर और हरदोई में भी आंधी-बारिश के दौरान पांच लोगों की मौत हो गई। सीतापुर में पेड़ और दीवार गिरने से दो लोगों की जान गई और छह लोग घायल हो गए। लखीमपुर में बिजली गिरने से हादसा हुआ, जबकि हरदोई में बिजली गिरने और दीवार ढहने से दो लोगों की मौत हो गई।

लखनऊ समेत 30 से अधिक जिलों में लू चलने की चेतावनी बारिश और तेज हवा के चलते भीषण गर्मी से काफी राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक लखनऊ समेत 30 से अधिक जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि के आसार हैं।

मंगलवार को कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश से तापमान सामान्य से नीचे पहुंचा दिया, लेकिन बुंदेलखंड समेत कई इलाकों में गर्मी ने फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए। बुधवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में आगामी एक सप्ताह के दौरान शुष्क मौसम के साथ तापमान में वृद्धि होगी।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»