मध्यप्रदेश में गर्मी ने दिखाए अपने तेवर, 16 जिलों में लू का अलर्ट, 25 शहरों में पारा 40 डिग्री पार पहुंचा

By Ashish Meena
अप्रैल 16, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी अब अपने तेवर दिखाने लगी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हालात यह हैं कि 25 से ज्यादा शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने 16 जिलों में लू (हीट वेव) का अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले चार दिन लोगों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलने से लगातार तापमान में वृद्धि होती जा रही है।

नौगांव में 42 डिग्री पार पहुंचा पारा

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को छतरपुर जिले का नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा खजुराहो में 42.2 डिग्री, रतलाम में 42 डिग्री और नर्मदापुरम में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं मंडला, सतना, सीधी और शाजापुर जैसे जिलों में भी तापमान 41 डिग्री के आसपास बना रहा है।

बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 39.6 डिग्री, इंदौर में 39.8 डिग्री, ग्वालियर और उज्जैन में लगभग 39.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हालांकि ये आंकड़े 40 से थोड़े कम हैं, लेकिन गर्म हवाओं के कारण यहां भी लू जैसे हालात महसूस किए जा रहे हैं।

आज से लू का अलर्ट

मध्य प्रदेश के 16 जिलों में आज से लू अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार झाबुआ, धार, अलीराजपुर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल और छिंदवाड़ा सहित 16 जिलों में लू का असर सबसे ज्यादा रहेगा। प्रशासन ने भी इन इलाकों में अलर्ट जारी कर लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है। भीषण गर्मी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। बच्चों को दोपहर की तेज धूप से बचाने के लिए कक्षाएं सुबह के समय संचालित की जा रही हैं, जिससे अभिभावकों को भी राहत मिली है।

मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

बदलते मौसम के बीच बीमारियां भी पैर पसार रही है, तेज गर्मी से लोग डिहाइड्रेशन सहित अन्य बीमारियों का शिकार हो सकते हैं। उसको देखते हुए मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सावधान रहने की अपील की है। मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, शरीर को हाइड्रेट रखें और दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»