जन्माष्टमी पर दर्दनाक हादसा: बेटी को बचाने के लिए कुएं में कूदा पिता, दोनों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

By Ashish Meena
सितम्बर 4, 2026

मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दरासी के समीप ग्राम खापा में कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार सुबह 20 वर्षीय युवती को बचाने के प्रयास में उसके पिता ने भी अपनी जान गंवा दी। इस दोहरे हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खापा गांव निवासी रोशन लाल पटले (50 वर्ष) की बेटी चेतना पटले (20 वर्ष) शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अचानक घर के पास स्थित कुएं में गिर गई। बताया जा रहा है कि चेतना सिवनी कॉलेज में बीएससी की छात्रा थी। बेटी को कुएं में गिरता देख और उसकी चीख सुनकर पिता रोशन लाल पटले बिना एक पल गंवाए उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गए।

Also Read – लगातार बारिश से लबालब हुआ बरगी बांध, खोले गए 13 गेट, नर्मदा के घाटों पर 7 से 8 फीट तक जलस्तर बढ़ने का अलर्ट

लगातार बारिश के कारण कुआं भरा हुआ था

विगत कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कुआं पानी से पूरी तरह लबालब भरा हुआ था। पानी का स्तर अत्यधिक होने और गहरे भंवर के कारण पिता अपनी बेटी को सुरक्षित बाहर निकालने में असमर्थ रहे। गहरे पानी में दम घुटने से दोनों की कुएं के भीतर ही दर्दनाक मौत हो गई।

ग्रामीणों की मदद से दोनों शव कुएं से निकाले

घटना की भनक लगते ही कुएं के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही कुरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम पुलिस बल के साथ खापा गांव पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला और मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस तरह असमय मौत से पूरे खापा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। जन्माष्टमी के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।