खातेगांव तहसील के कोलारी में पानी की सप्लाई ठप, 3 लाख से ज्यादा का बिजली बिल बकाया होने पर विभाग ने काटा कनेक्शन, ग्रामीण परेशान

By Ashish Meena
अगस्त 31, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोलारी में पिछले 10 से 12 दिनों से नल-जल योजना की पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है। बिजली विभाग द्वारा पंचायत के सरकारी बोरवेल की बिजली लाइन काट दिए जाने के कारण करीब 2500 की आबादी वाले इस गांव में पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

जानकारी के अनुसार, कोलारी गांव में नल-जल योजना के तहत लगभग 90 कनेक्शन दिए गए हैं। नियमानुसार ग्रामीणों को इस योजना के रखरखाव के लिए प्रतिमाह 100 रुपये का भुगतान करना था, लेकिन कई महीनों से उपभोक्ताओं द्वारा राशि जमा नहीं की गई। परिणामस्वूप, बिजली बिल 3 लाख 48 हजार रुपये तक पहुंच गया, जिसके बाद बिजली विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए बोरवेल की विद्युत आपूर्ति काट दी।

इस पूरे मामले में सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिन नियमित ग्रामीणों ने समय पर अपनी राशि का भुगतान किया था, उन्हें भी आज पानी के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्राम पंचायत सचिव कपूर जाट ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि लंबे समय से बिल जमा न होने के कारण यह कार्रवाई हुई है। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए आज ग्राम पंचायत में एक अहम बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें बकाया राशि और जल आपूर्ति बहाल करने को लेकर चर्चा की जाएगी।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»