MP Weather Update :मध्य प्रदेश के आसमान पर छाए बादलों की वजह से मौसम में परिवर्तन साफ नजर आ रहा है। मार्च माह के पहले 10 दिनों में जहां भीषण गर्मी पड़ रही थी, वहीं दूसरे सप्ताह की शुरुआत से ही मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया था। दरअसल, वर्तमान में तीन सिस्टम सक्रिय हैं, जिनकी वजह से प्रदेश के आसमान पर बादलों छाए हुए हैं। इस कारण दिन में धूप-छांव हो रही है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना में 21 मार्च, 2025 की दोपहर से लेकर रात के समय तक गरज के साथ बिजली, तेज़ हवा (40-60 किमी प्रति घंटे) और ओलावृष्टि की संभावना है। गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 मार्च की दोपहर से लेकर रात के समय तक गरज के साथ बिजली, तेज़ हवा (40-60 किमी प्रति घंटे) और ओलावृष्टि की संभावना है।
गुरुवार को पूर्वी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में वर्षा हुई। इसके चलते रीवा और सीधी में दिन के अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। रीवा का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और सीधी का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी सुबह कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई।
एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में जम्मू में बना हुआ है। राजस्थान और दक्षिण पूर्वी मप्र की तरफ हवा के ऊपरी भाग में दो चक्रवात बने हुए हैं। इसके अलावा ओडिशा और कर्नाटक तक दो ट्राफ लाइन जा रही है। इन तीनों सिस्टम की वजह से पूरे प्रदेश में मौसम बदला हुआ है।
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
भोपाल 34.0 20.4
इंदौर 34.6 17.6
ग्वालियर 34.0 15.8
जबलपुर 35.0 18.8
12 जिलों में बारिश होगी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कर्नाटक के 12 जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है। राजधानी बेंगलुरु में 23 मार्च से भारी बारिश होगी। पिछले सप्ताह कुछ बारिश के बाद, बेंगलुरु में अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है। बारिश से प्रभावित अन्य जिले होंगे: तुमकुरु, रामनगर, मैसूरु, मंड्या, कोडागु, कोलार, हासन, चिक्कमगलुरु, चिक्काबल्लापुर, चामराजनगर, बेंगलुरु शहरी, बेंगलुरु ग्रामीण और दक्षिण कन्नड़।
आईएमडी के अनुसार, जहां कई जिलों में बारिश होगी, वहीं अन्य के शुष्क रहने का अनुमान है। उडुपी, उत्तर कन्नड़, बागलकोट, बेलगावी, बीदर, धारवाड़, गडग, हावेरी, कलबुर्गी, कोप्पल, रायचूर, विजयपुरा, यादगीर और विजयनगर जैसे जिलों में अगले कुछ दिनों में शुष्क स्थिति रहने की उम्मीद है।
एमएम हिल्स, एचडी कोटे, बांदीपुर, सरगुर, हुन्सुर और मद्दुर सहित कुछ उत्तरी क्षेत्रों में पहले से ही अनियमित वर्षा देखी गई है, हालांकि वहां अधिकतर मौसम शुष्क बना रहेगा।
बिहार के कई इलाकों में तेज बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज से शहरवासियों को मौसम में बदलाव का अनुभव होने वाला है। मौसम विभाग ने समस्तीपुर, वैशाली, नालंदा, बेगूसराय और खगड़िया में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने आगामी 7 दिनों के लिए चेतावनी जारी की है। असम और आसपास के इलाकों में चक्रवात विकसित हो रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिहार में नमी का स्तर बढ़ गया है। 20 मार्च से 23 मार्च तक कई इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना है। 24 मार्च से मौसम सामान्य होने का अनुमान है। आईएमडी ने येलो अलर्ट की भविष्यवाणी की आईएमडी के अनुसार ओडिशा के मध्य भाग से दक्षिण छत्तीसगढ़ होते हुए दक्षिण विदर्भ तक एक ट्रफ बन गई है।
वहीं, पूर्वोत्तर असम और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बनने से मौसम की स्थिति बदलने की उम्मीद है। मौसम एजेंसी ने सात शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। शहर का न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 22 डिग्री सेल्सियस और 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।