किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, PM मोदी ने किया किसान सम्मान निधि बढ़ाने का ऐलान, महिलाओं के लिए भी की बड़ी घोषणा
By Ashish Meena
अप्रैल 27, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो किसानों को दी जाने वाली पीएम किसान सम्मान निधि को बढ़ाकर नौ हजार रुपये कर दिया जाएगा। अभी देशभर में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत सालाना छह हजार रुपये दिए जाते हैं। हर चार महीने में दो हजार रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं।
बनगांव में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने महिलाओं के लिए भी कई वादे किए। उन्होंने कहा, ”लखपति अभियान के तहत बंगाल की 75 लाख बहनों को यहां बनने वाली भाजपा सरकार मदद देगी, ताकि वे लखपति दीदी बनें और हर साल एक लाख रुपये से अधिक कमा सकें। बंगाल की बेटियां अपने मन का रोजगार करें, इसके लिए उन्हें 20 लाख रुपये तक का मुद्रा लोन मिलेगा। बैंक गारंटी मांगता है, बहनों के पास यह गारंटी कहां से होगी, इसलिए आपके भाई ने तय किया है कि मेरी बहनों की बैंक गारंटी आपका भाई मोदी देगा।”
पीएम मोदी ने आगे कहा, ”बंगाल भाजपा ने बहनों के लिए एक बहुत बड़ी घोषणा की है। हर साल बहनों को 36 हजार रुपये मिलेंगे। पांच साल सरकार रहेगी, तो 180,000 रुपये मिलेगा। इसी तरह, बेटियों की पढ़ाई के लिए 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। पीएम आवास योजना के घर गरीब परिवार की बहनों के नाम होता है। पक्का घर बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपये दिए जाएंगे। बंगाल भाजपा सरकार पीएम किसान सम्मान निधि को भी बढ़ाकर नौ हजार रुपये करेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि मैं जानता हूं कि बहनों को बिजली बिल की भी बहुत चिंता होती है। आपका बिजली बिल जीरो हो, इसके लिए परिवार को सोलर प्लांट लगाने के लिए हर परिवार को मोदी सरकार 80 हजार रुपये देगी। आप मोदी की एक और गारंटी लिख लीजिए, भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान योजना लागू होने पर फैसला होगा। पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।”
