शादी की खुशियां मातम बदली, हल्दी की रस्म के बाद दुल्हन की मौत, डोली की जगह उठी अर्थी

By Ashish Meena
मई 15, 2026

मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और बधाई गीत गूंज रहे थे। उसी घर से कुछ घंटों बाद बेटी की अर्थी उठ गई। परिवार की बड़ी बेटी राखी की शादी खामखेड़ा निवासी दिगंबर नाथ के साथ तय हुई थी। घर में हल्दी सहित अन्य शादी की रस्में निभाई जा रही थीं, लेकिन इसी दौरान अचानक दुल्हन की तबीयत बिगड़ गई। यह घटना 25 अप्रैल को हुई थी।

मृतका के पिता गजूनाथ के अनुसार हल्दी की रस्म के बाद राखी (22) के होंठों में सूजन आ गई और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। गले में तेज दर्द की शिकायत के बाद परिवार उसे तुरंत खरगोन के जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया।

Also Read – अनोखा मामला…महिला ने 5 दिनों में 4 बच्चों को दिया जन्म, डॉक्टर भी हैरान

चार लाख का खर्चा बताया

गजूनाथ ने आरोप लगाया कि अस्पताल से एंबुलेंस मांगी गई, लेकिन उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। मजबूरी में परिवार को चार हजार रुपये खर्च कर निजी एंबुलेंस से इंदौर ले जाना पड़ा। इंदौर पहुंचने पर कुछ समय के लिए सूजन कम हुई, लेकिन बाद में फिर हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने बताया कि एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने इलाज के लिए करीब चार लाख रुपये खर्च आने की बात कही। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार इलाज नहीं करा सका और बेटी को वापस लेकर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में ही राखी ने दम तोड़ दिया।

डोली की जगह घर से निकली अर्थी

जिस दिन घर में शादी का मंडप सजना था, उसी दिन बेटी की अर्थी उठने से पूरे परिवार और गली में शोक का माहौल है। मृतका की मां सीताबाई ने बताया कि राखी परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी और अपने छोटे भाई-बहनों की देखभाल के साथ पूरे घर की जिम्मेदारी संभालती थी। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

हल्दी से मौत होने पर संदेह

इधर, मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीएस चौहान ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं है कि मौत हल्दी के कारण हुई है। जिस हल्दी का उपयोग राखी पर किया गया था, वही हल्दी अन्य लोगों ने भी लगाई थी, लेकिन किसी अन्य को कोई परेशानी नहीं हुई। मामले की जांच जारी है। वहीं खाद्य एवं औषधि विभाग ने हल्दी के सैंपल लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है।

फूड सेफ्टी अफसर एच एल अवास्या के मुताबिक, कसरावद सहित कई अन्य स्थानों के भी हल्दी के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी जांच कराई जा रही है। भोपाल प्रयोगशाला से आने वाली रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»