करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर समेत 4 लोग रिहा, इन शर्तों के साथ हुई रिहाई, जीतू पटवारी बोले- कलेक्टर-एसपी को बर्खास्त करें

By Ashish Meena
जुलाई 14, 2025

Harda News : मध्यप्रदेश के हरदा में सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर, कृष्णा अजय पाल, राहुल पिता भारत और नेपाल पिता विक्रम सिंह को सशर्त रिहा किया गया। रिहाई एसडीएम कुमार शानू देवड़िया की मौजूदगी में हुई।

प्रशासन ने जीवन सिंह शेरपुर को जिला सीमा से बाहर छोड़ा है। उनसे लिखित में लिया गया है कि वे हरदा में किसी भी तरह के आंदोलन या प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे। तहसीलदार राजेंद्र पंवार ने बताया कि कल गिरफ्तार हुए सभी 56 लोगों को भी शाम तक रिहा कर दिया जाएगा। फिलहाल वे जेल में हैं।

रिहाई के बाद करणी सेना परिवार के अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर ने कहा कि हम चार साथियों को रिहा किया गया है। 54 साथी अभी अंदर हैं। आज दिन में सबको रिहा कर दिया जाएगा। अभी कोई साथी हरदा न आए। आंदोलन जारी रहेगा, लेकिन तारीख नई तय करेंगे।

रविवार को कई शहरों में चक्काजाम और प्रदर्शन
बता दें कि, हरदा में चक्काजाम कर रहे करणी सेना परिवार के कार्यकर्ताओं पर पुलिस के लाठीचार्ज का प्रदेश भर में विरोध हो रहा है। रविवार को भोपाल, रतलाम समेत प्रदेश के कई शहरों में चक्काजाम और प्रदर्शन किया गया।

सोमवार को दोपहर बजे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हरदा पहुंच रहे हैं। इस बीच राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने भी हरदा आने का ऐलान किया है।

पुलिस ने दो दिन में तीन बार लाठीचार्ज किया
करणी सेना परिवार के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने दो दिन में तीन बार लाठीचार्ज किया। रविवार सुबह पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। नहीं मानने पर आंसू गैस के गोले छोड़े। लाठीचार्ज कर खदेड़ा। वाटर कैनन चलाकर उन्हें कंट्रोल किया।

प्रदर्शन में शामिल करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर समेत 60 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जिला जेल में भेज दिया था। हालांकि, सोमवार सुबह करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर को पुलिस ने रिहा कर दिया है। यहां तनाव के चलते हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, सीहोर, देवास और खंडवा जिले का पुलिस फोर्स तैनात है।

करणी सेना परिवार इसलिए कर रहा प्रदर्शन
करणी सेना परिवार के पदाधिकारी आशीष राजपूत से हीरा खरीदने के नाम पर 18 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई थी। आशीष ने विकास लोधी, मोहित वर्मा और उमेश तपानिया पर केस दर्ज कराया था। पुलिस ने मोहित को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस मोहित को लेकर कोर्ट में चालान पेश करने जा रही थी।

इसी दौरान करीब 40 कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर नारेबाजी करने लगे। हंगामा बढ़ा तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुनील राजपूत, आशीष राजपूत समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इसी गिरफ्तारी के खिलाफ कार्यकर्ता रविवार को प्रदर्शन करने जुटे।

जीतू बोले- कलेक्टर-एसपी को बर्खास्त करें
हरदा की घटना पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने ट्वीट कर कलेक्टर एसपी की भूमिका पर उठाए सवाल। पटवारी ने दोनों अफसरों की बर्खास्तगी की मांग की। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा- हरदा में करणी सेना/राजपूत समाज के साथ हुई पुलिस बर्बरता निंदनीय है। फिर साबित हो गया कि मोहन सरकार में न्याय और अधिकार की बात करना अपराध है!

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»