दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 8 लोगों की मौत, पूरे गांव में पसरा मातम

By Ashish Meena
अप्रैल 4, 2025

महाराष्ट्र के नांदेड जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार सुबह हिंगोली के वसमत तालुका के गुंज गांव से खेतों में हल्दी की कटाई के लिए निकलीं महिला मजदूरों को ले जा रहा एक ट्रैक्टर (Nanded tractor Accident) नांदेड के आलेगांव इलाके में स्थित कांचननगर के पास अनियंत्रित होकर गहरे कुएं में जा गिरा। इस भयावह दुर्घटना में अब तक 8 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि कई अन्य के कुएं में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

यह घटना आज सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच घटी जब ट्रैक्टर पर सवार महिलाएं खेतों की ओर जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके में बारिश की वजह से रास्ते फिसलन भरे हो गए थे। इससे ट्रैक्टर का टायर स्लिप हो गया और चालक संतुलन खो बैठा। ट्रैक्टर सीधे पानी से भरे कुएं में जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि ट्रैक्टर पूरी तरह पानी में समा गया और सिर्फ उसका एक टायर ऊपर दिखाई दे रहा है। मौके पर अभी बचाव कार्य जारी है।

Also Read – हरदा में दिल दहला देने वाली घटना: पिता लोकेश मीणा ने की बेटी की हत्या, दादा ने लाश डैम में फेंकी, लड़की शादी की जिद पर अड़ी थी

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय प्रशासन को हादसे की सूचना दी। ग्रामीणों ने एक महिला समेत कुछ लोगों को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पीड़ितों ने बाहर आकर बताया कि ट्रैक्टर में कई लोग फंसे हुए हैं। इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।

हिंगोली और नांदेड पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। बचाव कार्य जारी है और अभी तक कोई शव बरामद नहीं हुआ है, साथ ही ट्रैक्टर का भी पता नहीं चल सका है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकालने के लिए क्रेन बुलाया गया है और अन्य बचाव दलों की मदद ली जा रही है। फ़िलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रैक्टर में कुल कितने लोग सवार थे।

इस हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं हिंगोली जिले के वसमत तालुका के भुज गांव की रहने वाली थीं और खेतों में हल्दी की फसल की कटाई के लिए ट्रैक्टर से आसपास के गांवों में जाया करती थीं।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखते हैं। DAVV इंदौर से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद उन्होंने अग्निबाण सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया। उन्होंने जमीनी मुद्दों से लेकर बड़े घटनाक्रमों तक कई महत्वपूर्ण खबरें कवर की हैं।