अंकिता भंडारी हत्याकांड में बड़ा फैसला, भाजपा नेता के बेटे समेत 3 हत्यारों को उम्रकैद, इस मामले पर टिकी हुई थी देश की नजरें

By Ashish Meena
मई 30, 2025

Ankita Bhandari Murder : उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी मर्डर में आज यानी 30 मई को कोटद्वार की अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत अपना फैसला सुनाया। कोर्ट ने मामले में तीन आरोपियों को दोषी करार दिया है। दो साल से अधिक समय से लंबित इस मामले पर पूरे देश की नजरें टिकी थी। आरोप है कि इस केस में आरोपियों को VIP संरक्षण मिला हुआ है जिससे 32 महीने से केस अटका हुआ था।

क्या है अंकिता भंडारी केस
अंकिता भंडारी की हत्या के तीन आरोपी बीजेपी नेता के बेटे पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता न्यायिक हिरासत में हैं। पुलकित आर्य वंतारा रिजॉर्ट का मालिक था, जहां 18 सितंबर 2022 को अंकिता (Ankita Bhandari) अचानक लापता हुई थीं। बाद में उनका शव एक नहर से मिला था। हत्याकांड को लेकर पूरे प्रदेश में भारी आक्रोश था। मामले में कुछ परतें खुलते ही ये देशभर में चर्चा का विषय बन गया।

मामले की जांच में ये सामने आया
अंकिता हत्याकांड (Ankita Murder case) की जांच के लिए बनी एसआईटी ने इस मामले में 500 से अधिक पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। कुल 97 गवाहों को नामित किया गया, जिनमें से 47 गवाहों को अदालत में पेश किया गया। पुलकित आर्य पर हत्या, छेड़छाड़, और देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ। अन्य दो आरोपियों पर भी हत्या में सहयोग के आरोप लगे।

अंकिता के पिता की भावुक अपील
अंकिता भंडारी केस का फैसला आने से पहले अंकिता के पिता, वीरेन्द्र सिंह भंडारी ने दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा मेरे जीवित रहते मेरी बेटी के हत्यारों को फांसी पर देखना चाहता हूं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार VIP अजय कुमार को राजनीतिक संरक्षण दे रही है, जिससे निष्पक्ष जांच में बाधा आ रही है।

केस की चर्चा देशभर में क्यों
यह केस न सिर्फ उत्तराखंड की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि देशभर में महिलाओं की सुरक्षा, सत्ता संरक्षण, और न्याय व्यवस्था की पारदर्शिता पर भी गंभीर बहस छेड़ चुका है। आम जनता की मांग है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, ताकि महिलाओं के प्रति अपराधों पर कड़ा संदेश दिया जाए।

अंकिता भंडारी हत्याकांड: पूरी केस टाइमलाइन
18 सितंबर 2022 – अंकिता भंडारी यमकेश्वर के वनतरा रिजॉर्ट से संदिग्ध हालात में लापता हुई।
24 सितंबर 2022 – चीला पावर हाउस नहर से एसडीआरएफ को अंकिता का शव मिला।
25 सितंबर 2022 – रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य समेत तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए।
27 सितंबर 2022 – उत्तराखंड पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया।
30 जनवरी 2023 – कोटद्वार एडीजे कोर्ट में इस मामले की पहली सुनवाई हुई।
28 मार्च 2023 – अभियोजन पक्ष की गवाही कोर्ट में औपचारिक रूप से शुरू हुई।
19 मई 2025 – दोनों पक्षों की बहस पूरी हुई, अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा।
30 मई 2025 – कोटद्वार कोर्ट के फैसले में तीन आरोपी दोषी करार।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»