अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए…TMC सांसद के बिगड़े बोल, दिया बेहद आपत्तिजनक बयान

By Ashish Meena
अगस्त 29, 2025

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर विवादित टिप्पणी की है. पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में शुक्रवार को पत्रकारों ने मोइत्रा से राज्य में अवैध घुसपैठ को लेकर सवाल किया. इसका जवाब देते हुए तृणमूल सांसद ने बेहद आपत्तिजनक बयान दिया.

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने पत्रकारों से कहा, ‘मेरा उनसे (अमित शाह) साफ सवाल है. वह सिर्फ कहे जा रहे हैं घुसपैठिया… घुसपैठिया… घुसपैठिया. हमारा जो बॉर्डर है, उसकी रखवाली जो एजेंसी कर रही है, वह केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत आती है. प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को लाल किले से कहा की घुसपैठ हो रही है और उसकी वजह से डेमोग्राफी चेंज हो रही है. जब प्रधानमंत्री यह बात कह रहे थे तो पहली पंक्ति में बैठे गृहमंत्री उनकी बात सुन खीसें निपोर रहे थे और ताली बजा रहे थे.’

तृणमूल सांसद ने कहा, ‘अगर भारत की सीमाओं की रक्षा करने वाला कोई नहीं है. अगर दूसरे देश के लोग रोजाना सौ, हजार और लाखों की संख्या में घुसपैठ कर रहे हैं और हमारी मां-बहनों पर नजर डाल रहे हैं, हमारी जमीनें छीन रहे हैं, तो पहले आपको अमित शाह का सिर काट कर टेबल पर रख देना चाहिए. अगर गृह मंत्री और गृह मंत्रालय भारत की सीमाओं की रक्षा नहीं कर सकते और प्रधानमंत्री खुद बोल रहे हैं बाहर से आकर लोग हमारी मां-बहनों पर नजर डाल रहे हैं और हमारी जमीनें छीन रहे हैं तो फिर ये गलती किसकी है? हमारी और आपकी गलती है? यहां तो BSF है. हम भी उनसे डरकर रहते हैं. बांग्लादेश हमारा दोस्त देश रहा है, लेकिन आपकी वजह से पिछले कई सालों में ये स्थिति बदल चुकी है.’

इस मामले को लेकर महुआ मोइत्रा के खिलाफ नदिया जिले के कृष्णानगर में कोतवाली थाने में बीजेपी ने शिकायत दर्ज कराई है. यह शिकायत स्थानीय निवासी संदीप मजूमदार ने दर्ज कराई है. महुआ मोइत्रा ने अभी तक इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.

 

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»