भाजपा नेता पर पत्नी की हत्या का आरोप, ससुर बोले- शादी के बाद से थी थार की डिमांड, शरीर पर चोट के निशान मिले
By Ashish Meena
November 17, 2025
भाजपा युवा मोर्चा के नेता की पत्नी की शनिवार शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के पिता ने दामाद और ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। यह भी आरोप है कि पीहर पक्ष को बताए बिना ससुरालीजन अंतिम संस्कार कर रहे थे।
पिता का आरोप है कि दामाद आकाश शादी के बाद से ही बेटी से दहेज में थार एसयूवी की मांग कर रहा था। इसको लेकर आकाश और उसके परिजनों ने मेरी बेटी की हत्या कर दी। उसके शरीर पर चोट और गले पर निशान मिले हैं।
आरोप है कि सबूत मिटाने के लिए ये लोग हमें बताए बिना अंतिम संस्कार करना चाहते थे। मैंने भनक लगते ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाया और शव कब्जे में ले लिया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर पीहर पक्ष को सौंप दिया।
मामला बयाना क्षेत्र के पिदावली गांव का है। सेवर थाना प्रभारी सतीश चंद ने बताया कि शनिवार शाम कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि भाजपा युवा मोर्चा के नेता आकाश फौजदार (35) निवासी पिदावली की पत्नी प्रियंका (33) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पीहर पक्ष को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार किया जा रहा है। इस पर बयाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाया। एफएसएल की टीम ने मौके पर सबूत जुटाए। प्रियंका के पिता ने उसके दामाद आकाश और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दी है।
कई बार हुई समझाइश…
मृतका के पिता ओमप्रकाश निवासी लुहासा गांव थाना नदबई ने रिपोर्ट में बताया कि बेटी प्रियंका की शादी आकाश के साथ 24 नवंबर 2018 को हुई थी। शादी में करीब 20 लाख रुपए खर्च किए थे। पति बार-बार दहेज में थार लाकर देने की मांग करता था। प्रियंका ने इस बारे में कई बार हमें बताया था। कई बार उसके ससुराल वालों को समझाने गए थे।
अब आकाश और प्रियंका भरतपुर शहर में सेवर थाना स्थित गणेश कॉलोनी में रह रहे थे। आरोप है कि गणेश कॉलोनी के मकान पर आकाश ने प्रियंका की हत्या की और शव को पिदावली ले गया। वहां उसके परिवार के लोग प्रियंका के शव का अंतिम संस्कार करना चाहते थे। मैंने आकाश और उसके परिजनों को फोन किया तो वह गुमराह करते रहे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को चेक किया तो उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान और गले पर नीले रंग के निशान थे। प्रियंका और आकाश के एक बेटा युवराज (7) और बेटी काव्या (5) है। आकाश फाइनेंस का काम करता है। आकाश बीजेपी युवा मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष (2021-22) के पद पर रह चुका है।
यह बोले थाना प्रभारी
मृतका के पिता की ओर से दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। इसमें पति आकाश, सास मछला और काका ससुर मुन्ना को आरोपी बनाया है। पुलिस मामला दर्ज कर अनुसंधान कर रही है। सतीश कुमार, थाना प्रभारी सेवर
