इंदौर में बड़ा हादसा: ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, पूर्व गृहमंत्री की बेटी समेत 3 लोगों की मौत, मृतकों में कांग्रेस नेता का बेटा भी शामिल, पार्टी कर लौट रहे थे

By Ashish Meena
जनवरी 9, 2026

Indore News : मध्यप्रदेश के इंदौर से एक बड़ी खबर सामने आई है। एक तेज रफ्तार कार ट्रक में घुस गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल का बेटा प्रखर शामिल हैं। कार सवार एक युवती गंभीर घायल है। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसा रालामंडल इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, ग्रे कलर की नेक्सन कार (MP13 ZS8994) में प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल, मनसिन्धु और अनुष्का राठी सवार थे। प्रखर का जन्मदिन था, चारों उसी की बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहे थे। कार प्रखर चला रहा था। हादसे में प्रेरणा, प्रखर, मनसिन्धु की मौके पर ही मौत हो गई। अनुष्का घायल है।

प्रखर और प्रेरणा की हादसे में मौत हो गई।

Also Read – मध्यप्रदेश में दिल दहलाने वाली घटना, फांसी के फंदे पर झूलते मिले पति पत्नी और मासूम बेटी के शव, पत्नी थी गर्भवती

सभी इंदौर के रहने वाले हैं। प्रेरणा नर्मदा भवन के पास स्कीम नं 74, प्रखर कासलीवाल तिलक नगर, मनसिन्धु भंवरकुआं और अनुष्का रॉयल अमर ग्रीन की रहने वाली है। प्रेरणा ग्रेजुएशन के बाद UPSC की तैयारी कर रही थी।

कांग्रेस नेता बोले- बच्चे घूमने गए थे
कांग्रेस नेता धर्मेंद्र गेंदर ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार बच्चे घूमने के लिए कहीं निकल थे। तेजाजी नगर के पहले हादसे का शिकार हो गए। शव एमवाय अस्पताल में रखे गए हैं। पूर्व मंत्री बाला बच्चन अस्पताल में मौजूद हैं।

ट्रक चालक फरार, पुलिस ने नाकाबंदी कराई
रालामंडल थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम के मुताबिक, कार सवार युवक-युवतियां संभवतः छात्र थे और पार्टी मनाकर लौट रहे थे। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के मार्गों पर नाकेबंदी की जा रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
»
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।