MP में भाजपा पार्षद की पत्नी की चाकू मारकर हत्या, बदमाशों ने किए ताबड़तोड़ वार
By Ashish Meena
फ़रवरी 6, 2026
मध्यप्रदेश के मंदसौर में गुरुवार शाम भाजपा पार्षद की पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद शाहिद मेव की पत्नी रुबीना पर ऑटो में बैठते समय दो बदमाशों ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अभिनंदन क्षेत्र की है। रुबीना अपने पिता के घर से ऑटो में बैठकर किराए के मकान लौट रही थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे। बाइक से उतरे एक युवक ने अचानक हमला कर दिया और वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार साहिल नामक युवक पर इस वारदात को अंजाम देने का संदेह है, जो परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान और उनकी भागने की दिशा का पता लगाया जा सके।
भाजपा पार्षद की तीसरी पत्नी थी रुबीना
पुलिस के मुताबिक मृतका रुबीना पार्षद शाहिद मेव की तीसरी पत्नी थी, जबकि रुबीना का यह चौथा विवाह बताया जा रहा है। इस तथ्य को भी पुलिस ने जांच में शामिल किया है और पारिवारिक व निजी विवादों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
