MP Weather Update: मध्यप्रदेश में 18-19 फरवरी को बारिश के आसार, इन जिलों में दिखेगा नए सिस्टम का असर

By Ashish Meena
फ़रवरी 16, 2026

MP Weather Update: वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से ग्वालियर, चंबल-सागर के साथ उज्जैन संभाग में भी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 18 और 19 फरवरी को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और नीमच में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। भोपाल और इंदौर में बादल छा सकते हैं।

रविवार को प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर दिखने को मिला। खंडवा-खरगोन में दिन का तापमान 34 डिग्री के पार पहुंच गया, तो दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रायसेन, रतलाम, उज्जैन, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सतना और उमरिया में पारा 30 डिग्री या इससे अधिक रहा।

वहीं, शनिवार-रविवार की रात की बात करें तो कटनी का करौंदी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 9.2 डिग्री, कल्याणपुर में 9.4 डिग्री और रीवा में 9.6 डिग्री रहा। 5 बड़े शहरों में इंदौर में सबसे कम 11.5 डिग्री, ग्वालियर में 11.7 डिग्री, भोपाल में 13 डिग्री, उज्जैन में 13.5 डिग्री और जबलपुर में तापमान 14.3 डिग्री दर्ज किया गया।

फरवरी में तीसरी बार भीगेगा एमपी

फरवरी के शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर रह चुका है। इससे फसलों को खासा नुकसान हुआ था। इसके बाद सरकार ने प्रभावित फसलों का सर्वे भी कराया था। इसके बाद अब तीसरी बार फरवरी भीगेगा।

न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी

मौसम विभाग के अनुसार, एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने की वजह से पहाड़ी राज्यों में असर देखा गया। वहां बारिश और बर्फबारी हुई। इसकी वजह से एमपी में कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रहे। रविवार को भी हल्के बादल रहे। 16 फरवरी से नया सिस्टम उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसमें एमपी भी शामिल हैं।

अभी रात में ही सर्दी का दौर

वर्तमान में प्रदेश में हल्की सर्दी का दौर ही जारी रहेगा। रात और सुबह के समय सर्दी रहेगी। ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से ऊपर ही रहेगा। वहीं, रात में 30 डिग्री के पार पहुंच सकता है।

अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम

16 फरवरी- दिन में गर्मी का असर बढ़ा हुआ देखने को मिलेगा। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।
17 फरवरी- कुछ जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा। इस दिन बारिश का अलर्ट नहीं है।

MP के पांच बड़े शहरों में फरवरी का मौसम…

भोपाल में रातें ठंडी रहती हैं, दिन गर्म

भोपाल में रातें ठंडी रहती हैं, जबकि दिन गर्म। वर्ष 2014 से 2024 के बीच 4 साल दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया था। रात में 7 साल पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। इस बार फरवरी में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार है।

इंदौर में बारिश का ट्रेंड नहीं

फरवरी में इंदौर में बारिश होने का ट्रेंड नहीं है। 2014 और 2015 में बूंदाबांदी जरूर हुई थी। दूसरी ओर दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार ही रहता है। 2019 में तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया था। यहां रात में पारा 10 डिग्री के नीचे रहता है।

ग्वालियर में कड़ाके की ठंड

ग्वालियर में कड़ाके की ठंड का ट्रेंड रहता है। इसकी वजह यहां सीधे उत्तरी हवाएं आना है। 4 फरवरी 2018 की रात में न्यूनतम पारा रिकॉर्ड 1.9 डिग्री दर्ज किया गया था। साल 2019, 2022 और 2023 में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से नीचे ही रहा। पिछले साल ग्वालियर में बारिश भी हुई थी। इस बार यहां फरवरी के पहले ही दिन बारिश का दौर रहा है।

जबलपुर में भी बदला रहता है मौसम

जबलपुर में भी मौसम बदला रहता है। फरवरी के दूसरे सप्ताह के बाद दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहता है, जबकि रात में तापमान न्यूनतम 11 डिग्री के आसपास रहता है। यहां फरवरी में बारिश का भी ट्रेंड है। 10 में से 6 साल यहां बारिश हो चुकी है।

उज्जैन में गर्मी, बारिश और ठंड का दौर

उज्जैन में गर्मी और ठंड के साथ बारिश भी होती है। दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार ही रहता है, जबकि रात में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया जाता है। उज्जैन में फरवरी महीने में बारिश का ट्रेंड कम ही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»