दिल्ली में आतंकी हमले की साजिश रच रहा लश्कर, टारगेट पर चांदनी चौक का मंदिर

By Ashish Meena
फ़रवरी 21, 2026

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से अलर्ट किया गया है. खुफिया सूत्रों की मानें तो लश्कर के आतंकी लाल किले के आसपास धमाके की साजिश रच रहे हैं. आतंकियों के निशाने पर खासकर चांदनी चौक का प्रमुख मंदिर है. इस बात की जानकारी खुफिया सूत्रों की तरफ से मिली है.

सूत्रों के अनुसार, आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) IED हमले की योजना बना रहे हैं. बताया जा रहा है कि 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद यह संगठन भारत में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है.

इनपुट के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

सुरक्षा एजेंसियों को जैसे ही इनपुट मिला वैसे ही दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है. इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. दूसरी तरफ संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

सुरक्षा एजेंसियों की मानें तो लश्कर के आतंकी देश के बड़े मंदिर को निशाना बना सकते हैं. खासतौर पर दिल्ली के चांदनी का मंदिर उनके निशाने पर हो सकता है. फिलहाल किसी भी तरह के संभावित खतरे को देखते हुए इससे निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

10 नवंबर का हुआ था दिल्ली में ब्लास्ट

देश की राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर 2025 को शाम के समय एक ब्लास्ट हुआ था. इसकी चपेट में कई लोग आए थे. इसके साथ ही कई गाड़ियां भी जलकर खाक हो गईं थीं. इस हादसे में उस समय कई लोगों की मौत हुई थी. साथ ही कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे. यह धमाका एक कार में हुआ था. धमाके से पहले वह कार करीब 3 घंटे तक लाल किला एरिया के पार्किंग में ही खड़ी रही थी.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»