नोटों से भरा विमान हुआ क्रैश, 15 लोगों की मौत, हाईवे पर बिखरे नोट लूटने की मची होड़

By Ashish Meena
फ़रवरी 28, 2026

बोलिविया की राजधानी ला पाज के पास शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। एक मालवाहक विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवर ने दी है।

रनवे से फिसलकर हाईवे पर पहुंचा विमान

यह हादसा उस समय हुआ जब विमान रनवे से फिसलकर पास के शहर एल आल्टो की एक हाईवे पर जा घुसा। वहां चल रही कई गाड़ियों को उसने टक्कर मार दी। अधिकारियों के मुताबिक कम से कम 15 वाहन इस दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुए हैं। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि जिन लोगों की मौत हुई, वे विमान में सवार थे या सड़क पर मौजूद गाड़ियों में थे।

Also Read – LPG गैस सिलेंडर से लेकर UPI पेमेंट तक…1 मार्च से बदल रहे ये बड़े नियम, आपकी जेब पर होगा सीधा असर

बोलिविया वायुसेना का हरक्यूलिस विमान क्रैश

बताया जा रहा है कि यह विमान बोलिविया वायुसेना का हरक्यूलिस विमान था, जो देश के केंद्रीय बैंक से नए छपे नोट दूसरे शहरों में ले जा रहा था। हादसे के बाद विमान में आग लग गई, लेकिन दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

हाईवे पर बिखरे नोट और विमान के मलबा

सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में सड़क पर विमान का मलबा, पूरी तरह तबाह गाड़ियां और बिखरे हुए नोट दिखाई दे रहे हैं। बड़ी मात्रा में नकदी एयरपोर्ट के बाहर फैल गई थी, जिसे उठाने के लिए सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को दंगा-रोधी उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

इस गंभीर हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही सही वजह का पता चल पाएगा।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»