PM किसान की 22वीं किस्त 13 मार्च को होगी जारी, ऐसे चेक करें आपके खाते में आएंगे 2000 रुपये या नहीं
By Ashish Meena
मार्च 11, 2026
देश के करोड़ों किसानों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जल्द ही किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। केंद्र सरकार के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च 2026 को असम के गुवाहाटी से इस किस्त को जारी करेंगे।
इस बार 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,640 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी। किसान आसानी से ऑनलाइन यह भी जांच सकते हैं कि उनके खाते में 2000 रुपये की किस्त आएगी या नहीं।
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश के किसानों के लिए केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है ताकि वे खेती से जुड़े जरूरी खर्चों को आसानी से पूरा कर सकें।
इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है। हर किस्त 2,000 रुपये की होती है और इसे चार-चार महीने के अंतराल पर सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है। इस योजना से किसानों को बीज, खाद, कृषि उपकरण और अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।
कब मिलती हैं पीएम किसान योजना की किस्तें
पीएम किसान योजना के तहत हर साल तीन किस्तों में किसानों को पैसा मिलता है। पहली किस्त अप्रैल से जुलाई के बीच दी जाती है। दूसरी किस्त अगस्त से नवंबर के बीच जारी की जाती है। वहीं तीसरी किस्त दिसंबर से मार्च के बीच किसानों के खाते में भेजी जाती है। इस हिसाब से अब 22वीं किस्त का समय मार्च 2026 में पूरा हो रहा है। इसलिए सरकार ने 13 मार्च 2026 को यह किस्त जारी करने का फैसला लिया है।
किन किसानों को मिलेंगे 2000 रुपये
पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त उन्हीं किसानों को मिलेगी जो इस योजना के पात्र लाभार्थी हैं और जिनकी सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी हैं। अगर किसी किसान ने ई-केवाईसी नहीं कराई है या बैंक खाते से आधार लिंक नहीं है तो उसकी किस्त रुक सकती है। सरकार ने किसानों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपनी सभी जरूरी जानकारी अपडेट कर लें ताकि उन्हें योजना का लाभ मिलने में कोई परेशानी न हो।
अगली किस्त पाने के लिए जरूरी हैं ये 4 काम
अगर किसान चाहते हैं कि उन्हें पीएम किसान योजना की अगली किस्त मिले तो कुछ जरूरी काम पूरे करना अनिवार्य है। सबसे पहला काम है ई-केवाईसी। सरकार ने सभी लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी कर दिया है। इसे किसान पीएम किसान पोर्टल पर ओटीपी के जरिए या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) में जाकर करा सकते हैं। दूसरा जरूरी काम है भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन। किसान की जमीन का रिकॉर्ड आधार और बैंक खाते से लिंक होना चाहिए। तीसरा जरूरी काम है बैंक खाते को आधार से जोड़ना और डीबीटी को सक्रिय रखना। इससे सरकार द्वारा भेजी गई राशि सीधे खाते में पहुंच जाती है।
कुछ राज्यों में किसान आईडी बनवाना भी जरूरी किया जा रहा है।
कैसे चेक करें कि पैसे मिलेंगे या नहीं
- किसान घर बैठे ऑनलाइन यह आसानी से जांच सकते हैं कि उन्हें पीएम किसान योजना की किस्त मिलेगी या नहीं।
- इसके लिए सबसे पहले पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।
- इसके बाद नीचे स्क्रॉल करके Farmers Corner का विकल्प चुनें।
- अब Beneficiary Status पर क्लिक करें।
- यहां आपको अपना रजिस्टर मोबाइल नंबर या पीएम किसान खाता संख्या दर्ज करनी होगी।
- इसके बाद आपके मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा।
- ओटीपी दर्ज करने के बाद Get Data पर क्लिक करें।
- इसके बाद स्क्रीन पर आपके खाते की पूरी जानकारी दिखाई देगी।
