MP में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए ट्रैक्टर-ट्रॉली, महिला और बच्चा जिंदा जले, 2 लोग बुरी तरह झुलसे
By Ashish Meena
अप्रैल 3, 2026
शिवपुरी में शुक्रवार सुबह भूसा लेने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में एक महिला और 7 साल का बच्चा जिंदा जल गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर के मुताबिक, राजस्थान के बारां जिले के खेड़ली गांव में रहने वाला बंजारा परिवार हर साल की तरह इस बार भी कोलारस में भूसा खरीदने आया था। ये लोग खेतों में डेरा डालते हैं और गांव-गांव घूमकर भूसा खरीदते हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिये एक जगह इकट्ठा करते हैं। बाद में बड़ी मात्रा में भूसा बेचकर मुनाफा कमाते हैं।
बताया जा रहा है कि आज सुबह टोल टैक्स के पास बने बंजारा डेरे से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसा खरीदने के लिए निकले थे। आगे चल रहा ट्रैक्टर देहरदा गांव से कच्चे रास्ते से होते हुए डोडयाई गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रॉली में लगे लोहे के पाइप हाईटेंशन लाइन से टकरा गए, जिससे करंट फैल गया।
करंट से महिला की साड़ी में आग लगी
ट्रैक्टर पर विनोद बंजारा पिता रंजीत बंजारा (27), लीला बाई बंजारा पति विनोद बंजारा (30), केसर बाई पिता मेंबर बंजारा और 7 साल का अनिल पिता मेंबर बंजारा सवार थे। करंट से लीला बाई की साड़ी में आग लग गई। इसकी चपेट में मासूम अनिल भी आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं विनोद और केसर बाई करंट के झटके से ट्रैक्टर से दूर जा गिरे, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पीछे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली सवारों ने मौके पर पहुंचकर लीला बाई की सुलगती लाश को वहीं छोड़ दिया। बाकी तीनों को ट्रॉली में डालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 7 साल के अनिल को भी मृत घोषित कर दिया। विनोद और केसर बाई का इलाज जारी है।
ज्यादा भूसा भरने के लिए 10-10 फीट के लोहे के पाइप लगाए
ट्रॉली में ज्यादा भूसा भरने के लिए करीब 10-10 फीट के लोहे के पाइप लगाए गए थे। वहीं घटना स्थल पर हाईटेंशन लाइन के तार नीचे की ओर झूल रहे थे। पेड़ों की वजह से तार दिखाई नहीं दे रहे थे, इसी दौरान पाइप लाइन से टकरा गया और करंट फैल गया।
