मध्यप्रदेश में सत्ता का नशा? भाजपा विधायक की बेटी ने सरेबाजार युवक पर बरसाए जूते, पुलिस में हुई शिकायत

By Ashish Meena
अप्रैल 15, 2026

मध्य प्रदेश के सागर जिले से सत्ता के रसूख को उजागर करने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। सागर जिले की देवरी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी प्रियंका पटेरिया का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह एक युवक की जूतों से पिटाई करती नजर आ रही हैं। घटना सोमवार की बताई जा रही है, जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आया।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित युवक राजेश शर्मा (निवासी मढ़ी जमुनिया) के अनुसार, वह सोमवार को गौरझामर स्थित एक बैंक में काम से गया था। वहां उसे मैसेज मिला कि विधायक की बेटी प्रियंका पटेरिया उसे बाहर बुला रही हैं। राजेश जैसे ही उनकी कार के पास पहुंचा, प्रियंका कार से उतरीं और अचानक उस पर जूतों से हमला कर दिया। पीड़ित ने इस संबंध में गौरझामर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

Also Read – 108 लड़कियों के शोषण का दावा, 350 से ज्यादा अश्लील वीडियो वायरल…अमरावती में सेक्स स्कैंडल सामने आने पर मचा हड़कंप

विधायक की बेटी बोलीं- मेरा पीछा करता था

वहीं प्रियंका पटेरिया ने मारपीट की बात स्वीकारते हुए अपने व्यवहार का बचाव किया है। उनका आरोप है कि राजेश शर्मा काफी समय से उनकी कार का पीछा कर रहा था। उसने गाड़ी को कट मारकर असुरक्षित तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश की।

प्रियंका के मुताबिक, एक साल पहले दर्ज हुई एक एफआईआर में भी राजेश का नाम शामिल था। इसके बावजूद उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। प्रियंका के अनुसार, “वह लगातार मेरा पीछा कर रहा था, लेकिन सामने नहीं आता था। सोमवार को मैंने उसे सिर्फ यह पूछने के लिए बुलाया था कि वह ऐसा क्यों कर रहा है।”

पुलिस ने दर्ज की शिकायत

फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है, लेकिन मामले की संवेदनशीलता और विधायक परिवार से जुड़े होने के कारण अधिकारी अभी कैमरे पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»