पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 16 लोगों की मौत, कई घायल, आसपास की बिल्डिंग में भी दरारें आईं
By Ashish Meena
अप्रैल 19, 2026
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कट्टनापट्टी इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। इसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक स्रीनाथ के अनुसार, वणजा फायरक्रैकर फैक्ट्री में यह धमाका उस समय हुआ जब करीब 30 कर्मचारी काम कर रहे थे। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री के कई कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। फैक्ट्री के आसपास की बिल्डिंग्स में भी दरारें आने की खबर है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की टीमों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत और बचाव दल ने मलबे से शवों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सीएम स्टालिन ने जताया दुख
इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और उन्हें इससे गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। साथ ही प्रशासन को राहत और सहायता कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
एमके स्टालिन ने दिए ये निर्देश
मंत्री रामचंद्रन और थंगम थेन्नारासु को तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश।
राहत और बचाव कार्य तेज करने व निगरानी करने को कहा।
प्रभावित परिवारों को सांत्वना देने के लिए कहा।
जिला कलेक्टर से संपर्क कर सभी जरूरी मदद सुनिश्चित करने को कहा।
