देवास जिले में बड़ी वारदात, पेप्सी उधार न देने पर किराना दुकान में लगा दी आग, आरोपियों ने दुकानदार पर भी किया हमला, गंभीर रूप से झुलसे

By Ashish Meena
मई 9, 2026

देवास के ग्राम तालोद स्थित एक किराना स्टोर में गुरुवार शाम तीन आरोपियों ने पेट्रोल फेंककर आग लगा दी। इस घटना में दुकानदार फूलसिंह सिसोदिया और उनका भतीजा गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने फरियादी के बयान पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी फूलसिंह सिसोदिया (41) ‘लल्ला किराना स्टोर्स’ चलाते हैं। गुरुवार को दिन में करीब 4 बजे आरोपी गोविंद का भांजा दुकान पर 5 रुपए की पेप्सी उधार लेने आया था। फूलसिंह ने उसे अपने मामा को भेजने के लिए कहा, जिसके बाद वह चला गया।

Also Read – ब्रेकिंग: ED ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को किया गिरफ्तार, सुबह से चल रही थी छापेमारी

शाम करीब 6 बजे गोविंद पिता फूलसिंह टकवाणा अपने दोस्त कृष्णपाल इंदरसिंह गोयल और आदर्श सोभालसिंह सेंधव के साथ दुकान पर पहुंचा। उन्होंने फूलसिंह को गालियां देते हुए कहा, “साले तू मुझे नहीं पहचानता।” इसके बाद गोविंद ने पेट्रोल से भरी पॉलिथीन फूलसिंह पर फेंक दी, जो काउंटर पर गिरी और फैल गई।

आरोपियों ने माचिस की तीली जलाकर फेंकी, जिससे काउंटर और फूलसिंह के कपड़ों में आग लग गई। आग लगते ही फूलसिंह दौड़कर बाथरूम में गए, जहां उनकी पत्नी और बहन ने पानी डालकर आग बुझाई। तब तक उनके दोनों पैर जांघ तक और दोनों हाथ कोहनी तक जल चुके थे। दुकान में पीछे बैठे भतीजे राज पर भी थोड़ा पेट्रोल गिरने से उसका एक पैर और एक हाथ झुलस गया।

घटना में दुकान का काउंटर और कुछ सामान भी जल गया। पुलिस ने फरियादी के बयान पर धारा 109, 296(बी) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। घायलों का एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया है।सोनकच्छ थाना प्रभारी अजय सिंह गुर्जर ने बताया कि तीनों आरोपी गोविंद, कृष्णपाल और आदर्श के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»