मध्यप्रदेश में भाजपा के पूर्व विधायक के भतीजे ने किया रेप, पीड़िता बोली- MLA के घर में भी हुआ दुष्कर्म, 6 साल तक वारदात को दिया अंजाम
By Ashish Meena
मई 9, 2026
मध्यप्रदेश के धार जिले में सरदारपुर विधानसभा से भाजपा के पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया के भतीजे ने युवती से रेप किया है। शादी का झांसा देकर 6 साल तक वारदात को अंजाम दिया। पूर्व विधायक के घर में भी ले जाकर कई बार वारदात को अंजाम दिया। सगाई के बाद शादी से इनकार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी सरदारपुर सिविल कोर्ट में वकील है। युवती से दुष्कर्म के आरोपों के बीच वह दूसरी युवती से शादी करने वाला है। 14 मई को मंडप है। पीड़िता ने आरोपी भूपेंद्र सिंह भूरिया के खिलाफ राजगढ़ थाने में FIR दर्ज कराई है।
पीड़िता को मैसेज कर जाल में फंसाया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब 6 साल पहले भूपेंद्र सिंह भूरिया ने उसे मैसेज कर संपर्क किया था। उस समय वह राजगढ़ में चाचा के घर रहकर बीए सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। बातचीत बढ़ने पर दोनों के बीच दोस्ती हो गई।

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती का कहना है कि वह उसकी बातों में आ गई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाकर आरोपी ने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
2024 में हुई सगाई, फिर बदला व्यवहार
पीड़िता के अनुसार लंबे समय तक संबंध रहने के बाद 2024 में दोनों परिवारों की सहमति से सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार सगाई हुई थी। आरोप है कि सगाई के बाद भी आरोपी शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाता रहा।
हालांकि, बीते करीब एक साल से उसने शादी को लेकर टालमटोल शुरू कर दी। पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया और पुलिस में शिकायत की बात कही तो आरोपी ने कहा- “तुझे जान से मार दूंगा।” उसने आत्महत्या की धमकी भी दी।

गांव में चल रही शादी की तैयारियां
मामला बढ़ने पर युवती के परिजनों ने आरोपी के परिवार से संपर्क कर शादी कराने की बात रखी। शिकायत के मुताबिक इसके बावजूद आरोपी पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। आरोपी के गांव नयापुरा भिलखेड़ी में विवाह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
शादी का कार्ड मिलने के बाद दर्ज कराई शिकायत
पीड़िता ने आरोप लगाया कि करीब तीन दिन पहले उसे जानकारी मिली कि भूपेंद्र सिंह भूरिया की शादी 14 मई को तय हो चुकी है। आरोपी की शादी का कार्ड मिलने के बाद वह शिकायत दर्ज कराने राजगढ़ थाने पहुंची।
युवती का आरोप है कि थाने में आरोपी के समर्थक पहले से मौजूद थे और उस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने का दबाव बनाया गया। उसने पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया के राजनीतिक रसूख का भी जिक्र किया है।
आरोपी ने रिसीव नहीं किया फोन
मामले में आरोपी पक्ष का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। भूपेंद्र सिंह भूरिया को कई बार कॉल किए गए, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
युवती की शिकायत के बाद FIR
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपी भूपेंद्र सिंह भूरिया के खिलाफ BNS की धारा 69, 351(3) और 332(B) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया का विवादों से पुराना संबंध
सरदारपुर के पूर्व भाजपा विधायक वेलसिंह भूरिया का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। वे 2013 में भाजपा की लहर के दौरान विधायक चुने गए थे। कार्यकाल में विवादित बयानों और परिजनों पर पुलिसकर्मियों से अभद्रता के आरोपों को लेकर चर्चा में रहे।
उनकी विवादित छवि के चलते 2018 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने टिकट काटकर संजय बघेल को उम्मीदवार बनाया था। हालांकि उस चुनाव में भाजपा हार गई थी। बाद में 2023 विधानसभा चुनाव में पार्टी ने वेलसिंह भूरिया को दोबारा मैदान में उतारा, लेकिन वे चुनाव नहीं जीत सके।
