18 साल की NEET छात्रा ने की आत्महत्या, पेपर लीक होने के बाद 12 दिनों में 5 स्टूडेंट्स ने दी जान
By Ashish Meena
मई 25, 2026
कर्नाटक के कलबुर्गी में 18 साल की NEET छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा की पहचान भाग्यश्री के रूप में हुई है। उसने NEET-UG की परीक्षा दी थी। पुलिस के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
छात्रा के पिता राजशेखर ने बताया कि परिवार में किसी तरह की परेशानी नहीं थी और बेटी पढ़ाई में काफी अच्छी थी। भाग्यश्री ने हाल ही में 12वीं परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और NEET परीक्षा भी अच्छी गई थी।
NEET-UG परीक्षा देश भर में 3 मई को आयोजित की गई थी। हालांकि, पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने दोबारा परीक्षा 21 जून को कराने की घोषणा की है। परीक्षा रद्द होने के बाद पिछले 12 दिनों में 5 स्टूडेंट्स जान दे चुके हैं।
इधर, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा। उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा- जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता और NEET जैसे पेपर लीक रोकने के लिए फूलप्रूफ सिस्टम नहीं बनता, हम चैन से नहीं बैठेंगे।
12 दिनों के दौरान और 4 स्टूडेंट्स ने सुसाइड किया
13 मई: गोवा के मडगांव में एक लड़के ने सुसाइड कर लिया था। उसने NEET परीक्षा दी थी। सुसाइड नोट में उसने लिखा था कि वह अब कॉम्पिटिशन एग्जाम में हिस्सा नहीं लेना चाहता।
14 मई: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रितिक मिश्रा ने आत्महत्या कर ली थी। परिवार ने बताया कि NEET पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने से वह काफी परेशान था।
15 मई: दिल्ली के आजादपुर में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा ने अपने घर में सुसाइड कर लिया था। जांच के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
15 मई: राजस्थान में NEET छात्र प्रदीप मेघवाल ने आत्महत्या कर ली थी। परिवार ने बताया कि उसके परीक्षा में करीब 650 नंबर आने की उम्मीद थी। लेकिन परीक्षा रद्द होने से वह परेशान था।
लातूर में NEET छात्रा का सुसाइड
महाराष्ट्र के लातूर जिले में 16 मई को 18 साल की NEET छात्रा मैथिली सोनवाने ने सुसाइड कर लिया था। उसके पिता ने रविवार को दावा किया कि पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने से वह मानसिक तनाव में थी। परिवार के मुताबिक मैथिली डॉक्टर बनना चाहती थी और परीक्षा रद्द होने से वह भविष्य को लेकर परेशान थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पेपर लीक का आरोपी 6 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले के आरोपी शुभम खैरनार को 6 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। CBI ने रविवार को आरोपी को अदालत में पेश किया था। इससे पहले 14 मई को अदालत ने खैरनार समेत पांच आरोपियों को 7 दिन की CBI हिरासत में भेजा था।
20 मई को खैरनार की CBI हिरासत 5 दिन और बढ़ाई गई थी। एजेंसी ने कहा था कि NEET-UG 2026 पेपर खरीदने वाले अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए उससे आगे पूछताछ जरूरी है। इस केस में अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से 11 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
