आधी रात बड़ा एक्शन, मस्जिद, कब्रिस्तान और हनुमान मंदिर पर चला बुलडोजर

By Ashish Meena
जून 3, 2026

वाराणसी में आधी रात प्रशासन और रेलवे की संयुक्त कार्रवाई के दौरान काशी रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित कई निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया. यह कार्रवाई काशी रेलवे स्टेशन को मल्टी-मॉडल टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत की गई. जानकारी के अनुसार आदमपुर क्षेत्र में राजघाट पुलिस चौकी के पास सबसे पहले रेलवे भूमि पर बने एक हनुमान मंदिर को हटाया गया. इसके बाद अजगैब शहीद मस्जिद और कब्रिस्तान से जुड़े निर्माणों पर भी बुलडोजर चलाया गया. करीब एक घंटे के भीतर रेलवे भूमि पर बने सभी चिन्हित ढांचों को जमींदोज कर दिया गया.

कार्रवाई के दौरान छावनी में तब्दील रहा इलाका

कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को सुरक्षा छावनी में तब्दील कर दिया गया था. पुलिस, पीएसी और आरपीएफ के जवान बड़ी संख्या में तैनात रहे. लगभग एक किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा घेरा बनाया गया और मीडिया कर्मियों को भी ध्वस्तीकरण स्थल तक पहुंचने की अनुमति नहीं दी गई. अधिकारियों ने कार्रवाई के संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया. बताया जा रहा है कि प्रस्तावित परियोजना के लिए लगभग 47.26 एकड़ भूमि पर विकास कार्य किया जाना है. इस क्षेत्र में मालगोदाम, भदऊ, भदऊ चुंगी रेलवे डाट पुल, अजगैब शहीद मस्जिद और पलंग शहीद मस्जिद के आसपास की जमीन को लेकर रेलवे और स्थानीय पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद भी चल रहा था.

वाराणसी रेलवे स्टेशन को बनाया जाएगा मल्टी-मॉडल इंटर मॉडल

आपको बता दें कि काशी रेलवे स्टेशन को लगभग 336 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक मल्टी-मॉडल इंटर मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है. इस परियोजना का उद्देश्य रेल, बस और जल परिवहन को एकीकृत कर यात्रियों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना है. परियोजना के तहत स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा.

नमो घाट और अन्य घाटों से जुड़ेगा रेलवे स्टेशन

यात्रियों को आधुनिक टिकट काउंटर, फूड प्लाजा, रिटायरिंग रूम, अंडरग्राउंड सुविधाएं और बेहतर यात्री सेवाएं उपलब्ध होंगी. गंगा नदी के पूर्वी तट पर स्थित होने के कारण स्टेशन को नमो घाट और अन्य घाटों से जल परिवहन के माध्यम से भी जोड़ा जाएगा. अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर में यातायात का दबाव कम होगा और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था का लाभ मिलेगा.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»