खातेगांव में नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, मां को निर्वस्त्र हालत में मिली बच्ची, आरोपी का घर ध्वस्त करने की मांग, विश्व हिंदू परिषद ने दी चेतावनी

By Ashish Meena
जुलाई 10, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव में एक नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गोंडी मोहल्ला निवासी आरोपी राज काकोड़िया ने 3 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे नाबालिग बालिका को अपनी हवस का शिकार बनाने का प्रयास किया। पीड़िता की मां ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने बच्चों का भरण-पोषण करती है। जब उन्होंने घटनास्थल पर जाकर देखा तो घर का गेट अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद जब गेट खुला, तो अंदर का नजारा देख मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। उनकी बेटी निर्वस्त्र हालत में रोते हुए मिली।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 16 मामले

पीड़िता के पिता नहीं हैं। इस बर्बरतापूर्ण घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार सदमे में है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने बताया कि आरोपी राज काकोड़िया एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में ही विभिन्न थानों में 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी घटना से महज 4-5 दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था और दोबारा इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे दिया।

प्रशासन को दी चेतावनी

घटना के बाद पीड़िता की मां न्याय की गुहार लेकर विश्व हिंदू परिषद के पास पहुंची। VHP कार्यकर्ताओं ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को सख्त चेतावनी दी है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि पुलिस ने आरोपी के घर को जल्द ध्वस्त नहीं किया और आरोपी पर कठोर कार्रवाई नहीं की, तो वे स्वयं मौके पर पहुंचकर आरोपी का मकान तोड़ने को मजबूर होंगे।

न्याय न मिलने पर आत्मदाह की दी धमकी

इधर, न्याय के लिए दर-दर भटक रही पीड़िता की मां ने प्रशासन के प्रति अपना गहरा रोष व्यक्त किया है। उसने स्पष्ट कहा है कि यदि इस मामले में जल्द सुनवाई नहीं हुई और आरोपी को कड़ी सजा नहीं मिली, तो वह अपने तीनों बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या करने को मजबूर होगी।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»