नेमावर के नर्मदा घाट पर मिला व्यापारी दीपक गर्ग के छोटे भाई बंटी का शव, 15 अगस्त से लापता थे, जांच में जुटी पुलिस

By Ashish Meena
अगस्त 17, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव नगर के जाने-माने सीमेंट-सरिया व्यापारी दीपक गर्ग के छोटे भाई रोहित उर्फ ‘बंटी’ गर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पिछले कुछ दिनों से लापता चल रहे रोहित का शव सोमवार, 17 अगस्त की सुबह नेमावर के बजवाड़ा नर्मदा घाट पर बरामद हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

स्वतंत्रता दिवस के दिन से हो गए थे लापता

जानकारी के अनुसार, रोहित गर्ग (बंटी) गत 15 अगस्त को प्रातः लगभग 10:30 बजे से अचानक अपने घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने जब उनकी खोजबीन शुरू की और उनकी तकनीकी लोकेशन निकाली, तो दोपहर करीब 2:00 बजे तक उनका मोबाइल फोन नेमावर क्षेत्र में सक्रिय पाया गया था। इसके बाद नेमावर के नर्मदा के नए पुल पर उनकी स्कूटी लावारिस हालत में बरामद हुई थी। स्कूटी मिलने के बाद से ही परिजनों, स्थानीय नागरिकों और शासन-प्रशासन के बीच हड़कंप मच गया था।

प्रशासन और परिजन लगातार कर रहे थे तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आ गया था। पिछले दो दिनों से लगातार पुलिस प्रशासन, गोताखोरों और परिजनों द्वारा नर्मदा नदी और आसपास के इलाकों में रोहित गर्ग की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार, 17 अगस्त की सुबह नेमावर के नवादा बजवाड़ा नर्मदा घाट के पास पानी में रोहित गर्ग का शव तैरता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा बनाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मौत के असली कारणों का अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हो पाया है, और पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

युवा व्यापारी दीपक गर्ग के छोटे भाई की इस तरह अचानक हुई असमय मौत से पूरा गर्ग परिवार गहरे सदमे में है। जवान बेटे और भाई के इस दुनिया से चले जाने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»