बीजेपी की नई टीम का ऐलान, वसुंधरा राजे भाजपा उपाध्यक्ष बनीं, सतीश पूनिया-स्मृति ईरानी महासचिव, मध्यप्रदेश से इन नेताओं को मिली जगह, देखें सूची
By Ashish Meena
अगस्त 17, 2026
मालवा जंक्शन, नई दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को उनकी नई टीम मिल गई है। सोमवार को भाजपा ने अनेक नेताओं को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी है। नितिन नवीन की नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम भी शामिल है।
नितिन नवीन की नई टीम में वसुंधरा राजे सिंधिया को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, तीरथ सिंह रावत उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। राम माधव उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, बैजयंत जय पांडा भी उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। रेखा वर्मा को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। विनोद तावड़े को जनरल सेक्रेटरी बनाया गया है। स्मृति ईरानी को जनरल सेक्रेटरी बनाया गया है। सतीश पुनिया, गजेंद्र पटेल भी महामंत्री होंगे। हरीश द्विवेदी, संजय भाटिया भी महामंत्री बनाए गए हैं। बी एल संतोष जनरल सेक्रेटरी ऑर्गेनाइजेशन बने रहेंगे।
मध्यप्रदेश के 5 नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां
मध्यप्रदेश के 5 नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महासचिव और कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। वहीं, बंशीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष और आशीष उपाध्याय को मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
मध्यप्रदेश से लाल सिंह आर्य को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी की राष्ट्रीय टीम में उपाध्यक्ष के पद पर उन्हें जगह दी गई है। आर्य इससे पहले संगठन और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। नई जिम्मेदारी के साथ अब उनकी भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के कामकाज से जुड़ी रहेगी।
गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महासचिव
खरगोन से सांसद गजेंद्र पटेल को भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। राष्ट्रीय महासचिव के पद पर मध्यप्रदेश से उन्हें प्रतिनिधित्व मिला है। नई टीम में कुल आठ राष्ट्रीय महासचिवों की सूची में गजेंद्र पटेल का नाम शामिल है। इस जिम्मेदारी के जरिए वे अब पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कविता पाटीदार राष्ट्रीय मंत्री
मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री की सूची में उनका नाम पहले स्थान पर है। यानी राष्ट्रीय संगठन में उन्हें मंत्री स्तर की जिम्मेदारी दी गई है। पाटीदार के साथ देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 16 नेताओं को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।
बंशीलाल गुर्जर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
मध्यप्रदेश के बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने सात प्रमुख मोर्चों के अध्यक्षों की घोषणा की है, जिसमें किसान मोर्चा की जिम्मेदारी गुर्जर को मिली है। किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कमान मध्यप्रदेश के नेता को दिए जाने से प्रदेश का संगठन में प्रतिनिधित्व और मजबूत हुआ है।
आशीष उपाध्याय को मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी
मध्यप्रदेश से आशीष उपाध्याय को भाजपा का राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। राष्ट्रीय मीडिया टीम में उनके साथ दिल्ली से प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को भी सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया से जुड़े कामकाज में अब उपाध्याय की भूमिका रहेगी।




7 महीने पहले नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद से ही टीम का गठन पेंडिग था। पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी राष्ट्रीय टीम तैयार की।
