देवास जिले में नदी में तैरता हुआ मिला 21 वर्षीय युवक का शव, बकरी चराने वाले ने देखा
By Ashish Meena
अगस्त 27, 2026
मालवा जंक्शन, सोनकच्छ।
देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र की कालीसिंध नदी में 21 वर्षीय एक युवक का तैरता हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक सोमवार से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पवन मालवीय (21 वर्ष) पिता लखन सिंह मालवीय निवासी दुधलाय, तहसील सोनकच्छ के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि पवन सोमवार को अपने घर दुधलाय से सोनकच्छ के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार और रिश्तेदारों द्वारा उसकी लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था।
बकरी चराने वाले ने देखा शव
बुधवार को नदी के पास से गुजर रहे एक व्यक्ति ने जब कालीसिंध नदी में शव को तैरते हुए देखा, तो उसने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने मौके पर ही प्राथमिक औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। इस अचानक हुई घटना से मृतक के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, सोनकच्छ पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि युवक की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
