मध्यप्रदेश में बजा चुनावी बिगुल, इस दिन होंगे चुनाव

By Ashish Meena
सितम्बर 1, 2026

मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव 29 सितंबर को होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया। नामांकन पत्र आठ सितंबर से जमा होंगे। नगरीय निकायों में मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे तक, तो पंचायतों के लिए तीन बजे तक होगा।

आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि उपचुनाव की अधिसूचना आठ सितंबर को जारी होगी। इसके साथ ही नामांकन पत्र जमा होने लगेंगे। 15 सितंबर अपराह्न तीन बजे तक इन्हें स्वीकार किया जाएगा। 16 सितंबर को जांच होगी और अभ्यर्थी 18 सितंबर तक नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन होगा।

मतगणना का पूरा शेड्यूल जारी

पंच पद के लिए मतगणना मतदान के तुरंत बाद मतदान केंद्र पर ही होगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकासखंड मुख्यालय पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से की जाने वाली मतगणना तीन अक्टूबर को सुबह आठ बजे से की जाएगी। इसी दिन सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणामों की घोषणा होगी। जबकि, जिला पंचायत सदस्यों एवं पंच पद के लिए परिणामों की घोषणा पांच अक्टूबर को की जाएगी।

इतने पदों पर होंगे चुनाव

पंचायत उपचुनाव में जिला पंचायत के सात, जनपद पंचायत के 28 और सरपंच के 110 और 4090 पंच पद के लिए मतदान होगा। वहीं, नगरीय निकाय चुनाव नगर परिषद सुसनेर, नगर पालिका टीकमगढ़ और नगर परिषद कुक्षी के अध्यक्ष पद के साथ विभिन्न नगरीय निकायों में 26 पार्षदों के लिए होगा। इसमें इंदौर नगर निगम के वार्ड 58, 60, नगर निगम ग्वालियर का वार्ड पांच, नगर निगम सागर का वार्ड 11 सहित अन्य निकायों के वार्ड शामिल हैं।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»