पांच दिन बाद विवेक मीणा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, तीनो आरोपी गिरफ्तार
By Ashish Meena
सितम्बर 1, 2026
ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर चौपाटी में पांच दिन पहले हुए विवेक मीणा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के दो आरोपितों सौरभ यादव और राहुल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई मंगलवार रात करीब तीन बजे बहोड़ापुर इलाके में शंकरपुर पहाड़ी के पास की गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से कट्टा और पिस्टल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, विवेक मीणा की पांच दिन पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई थीं। इधर, हत्याकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से शहर में लगातार विरोध प्रदर्शन भी किए जा रहे थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्याकांड में शामिल आरोपित बहोड़ापुर क्षेत्र में शंकरपुर पहाड़ी के आसपास छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात करीब तीन बजे इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान सौरभ यादव के घुटने में गोली लगी, जबकि राहुल पहाड़ी के पीछे छिप गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक कार्रवाई में दोनों के पास से दो हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस अब हत्याकांड में उनकी भूमिका और घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि विवेक मीणा हत्याकांड के आरोपित सौरभ यादव और राहुल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से दो हथियार बरामद हुए हैं।
