तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दो दोस्तों को कुचला, दोनों की मौत, 3 रिक्शा और समोसा ठेला भी चपेट में
By Ashish Meena
सितम्बर 7, 2026
इंदौर के मरीमाता चौराहे के पास रविवार रात तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। कार ने तीन ऑटो रिक्शा और एक समोसे के ठेले को भी टक्कर मारी। इसके बाद लोगों ने कार चालक को पकड़कर पीटा।
हादसा रात करीब 12:40 बजे हुआ। बाणगंगा पुलिस ने मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सत्य साईं नगर निवासी राज (28) पुत्र रवि सोनेरे और नंदकिशोर सोलंकी (30) के रूप में हुई है। दोनों रात में घूमने निकले थे। मरीमाता चौराहे के पास सड़क पार करते समय कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कई फीट दूर जा गिरे।
कार ने 3 रिक्शा और समोसे के ठेले को भी मारी टक्कर
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार को मौके पर ही रोक लिया। बताया जा रहा है कि कार चालक ने एक्टिवा को टक्कर मारने से पहले तीन रिक्शा और एक समोसे के ठेले को भी टक्कर मारी थी। बाद में लोगों ने कार पुलिस के हवाले कर दी। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों के साथ कार की रफ्तार की जांच कर रही है।
राज ओवन का कारीगर, नंदकिशोर सब्जी बेचता था
परिजनों के मुताबिक राज ओवन में कारीगर था। परिवार में उसकी पत्नी, दो भाई और माता-पिता हैं। वहीं नंदकिशोर सब्जी बेचने का काम करता था। परिवार में उसके पिता और एक बड़ा व एक छोटा भाई है।
