देवास जिले के इस गांव में पुलिस से बचने नदी में फेंकी पिस्टल, 2 बदमाश गिरफ्तार, मशक्कत के बाद हथियार बरामद

By Ashish Meena
सितम्बर 7, 2026

देवास जिले के सतवास थाना क्षेत्र में पुलिस को देखकर बदमाशों ने सोचा कि अवैध पिस्टल नदी में फेंक देंगे तो सबूत मिट जाएगा, लेकिन उनकी यह चाल काम नहीं आई। कांटाफोड़ और सतवास पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने भागने के दौरान अवैध देशी पिस्टल दतूनी नदी में फेंक दी थी, जिसे पुलिस जवानों ने नदी में उतरकर काफी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार कांटाफोड़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर कांटाफोड़ से खातेगांव की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों का पीछा शुरू किया और सतवास थाना पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। सतवास पुलिस ने पीपलकोटा के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

बताया गया कि पुलिस को पीछा करते देख आरोपियों ने अपने पास रखी अवैध देशी पिस्टल दतूनी नदी में फेंक दी। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद हथियार की तलाश शुरू की। कांटाफोड़ और सतवास पुलिस के जवान नदी में उतरे और काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया। मशक्कत के बाद पुलिस ने नदी से अवैध देशी पिस्टल बरामद कर ली।

पुलिस की यह कार्रवाई देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। नदी में उतरकर हथियार तलाशते पुलिस जवानों को देखने के लिए लोग काफी देर तक मौके पर मौजूद रहे।

संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए दोनों आरोपी देवास जिले के कवलासा और सीहोर जिले के जामुनियाकला के निवासी बताए गए हैं। मामले में सतवास थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।