मासूम बेटी के साथ मां ने खुद को जिंदा जलाया, सास पति-पत्नी में झगड़ा करवाती थीं,बहन को भेजा आखिरी संदेश
By Ashish Meena
सितम्बर 18, 2026
मध्यप्रदेश के बैतूल में एक मां ने अपनी 15 महीने की बेटी के साथ पेट्रोल डालकर खुद को जिंदा जला लिया। आग लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को पाढर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान पहले बेटी और फिर गुरुवार को मां की मौत हो गई।
मामला मुलताई थाना क्षेत्र के वलनी गांव का है। मृतकों की पहचान 24 साल की संजना कपिल साहू और उसकी 15 महीने की बेटी इतिका के रूप में हुई है। संजना ने बुधवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी छोटी बहन को वाट्सऐप पर सुसाइड नोट भेजा था। उसने इसका स्टेटस भी लगाया था। सुसाइड नोट में उसने आरोप लगाया कि उसकी बुआ सास आए दिन पति-पत्नी के बीच झगड़ा करवाती थीं।
सुसाइड नोट में सास और बुआ सास पर आरोप
घटना के बाद मिले सुसाइड नोट में संजना ने अपनी सास ललिता और बुआ सास पर परेशान करने का आरोप लगाया है। उसने बेटी को भी साथ लेकर जान देने की बात लिखी है। परिवार के मुताबिक, संजना का करीब ढाई साल पहले कपिल साहू से विवाह हुआ था। कपिल किसान हैं। संजना का मायका हिडली गांव में है। उसके पिता राजू लहरपुरे ड्राइविंग का काम करते हैं।
ऑपरेशन के बाद घर में होने लगे थे विवाद
परिजनों के अनुसार, संजना का अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था, जिस पर करीब 80 हजार रुपए खर्च हुए थे। इसके बाद घर में विवाद होने लगे थे। मायका पक्ष का आरोप है कि संजना को दहेज के लिए परेशान किया जाता था। मायका पक्ष ने संजना को जलाकर मारने का भी आरोप लगाया है।
पति, सास और बुआ सास से पूछताछ
मुलताई टीआई विकास पटेल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार महिला ने पेट्रोल डालकर आग लगाई थी। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के आधार पर पति कपिल, सास ललिता और बुआ सास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
