उज्जैन में तनाव, मस्जिद तोड़ने पर मचा बवाल, पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल, AIMIM प्रदेशाध्यक्ष गिरफ्तार, आसपास के स्कूल और बाजार बंद
By Ashish Meena
सितम्बर 28, 2026
उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई के बाद सोमवार सुबह तनाव फैल गया. सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के हिस्से को हटाने पहुंची पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच झड़प हो गई। पुलिस के मुताबिक, अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें 5 लोग सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और माहौल खराब करने के आरोप में पकड़े गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए 5 अन्य लोग उज्जैन के स्थानीय निवासी नहीं हैं। आरोप है कि ये लोग बाहर से उज्जैन में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हालात को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। करीब 2,500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिसमें आसपास के जिलों से आई पुलिस टीमें भी शामिल हैं।
पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान महिलाओं समेत लोगों की भीड़ ने मौके पर मौजूद पुलिस टीम पर पत्थरबाजी की। इसमें करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज दिया गया. भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज भी किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हालात काबू में हैं। हालांकि, किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल इलाके में तैनात है।
महिलाओं ने भी किया प्रदर्शन
बाद में मुस्लिम समुदाय की महिलाएं बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचीं और मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्रवाई रोकने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। शाही मस्जिद प्रबंधन का दावा है कि यह मस्जिद 100 साल से ज्यादा पुरानी है।
एआईएमआईएम प्रदेशाध्यक्ष गिरफ्तार
एआईएमआईएम के मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फिलहाल मोहसिन अली खान उज्जैन के नागझिरी थाने में हैं।
आसपास के स्कूल और बाजार बंद
शाही मस्जिद के आसपास स्थित सभी प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। वहीं, छत्री चौक, सती गेट, सराफा, लखेरवाड़ी, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर के आसपास का बाजार पूरी तरह बंद है। इससे क्षेत्र में सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।
30 सितंबर को हाईकोर्ट में होगी सुनवाई
शाही मस्जिद से जुड़े मामले में सोमवार को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई अब 30 सितंबर को होगी। सुनवाई की तारीख आगे बढ़ने के बीच उज्जैन में प्रशासन और पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
क्या बोले एसपी प्रदीप शर्मा?
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मुस्लिम समाज और मस्जिद कमेटी की सहमति व सहयोग से सड़क चौड़ीकरण क्षेत्र में आने वाले मस्जिद के हिस्से को हटाया जा रहा है। यह कदम आगामी सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश करने वाले एक समूह पर पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज किया। पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि शांति भंग करने की कोशिश में जिले के बाहर से आए पांच लोगों को सीमा पर ही गिरफ्तार किया गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वाले कुछ कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
